वृंदावनः बांके बिहारी मंदिर में बड़ी चोरी, गुल्लक से पार किए लाखों रुपये, बैंक अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर की गुल्लक से लाखों रुपये की चोरी की गई। यह घटना शनिवार शाम को उजागर हुई जब बैंक अधिकारी को मंदिर में चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मंदिर प्रशासन की तत्परता के कारण इस घटना का खुलासा हुआ। मंदिर प्रबंधन ने चोरी के आरोपी बैंक अधिकारी को पुलिस को सौंप दिया। उसके पास से चोरी के 9.50 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के चौक में 16 दान पेटियां हैं, इन्हें समय-समय पर न्यायालय के आदेश पर मंदिर के प्रबंधक की निगरानी में खुलवाया जाता है। शनिवार को भी बैंक एक अधिकारी एवं दो कर्मचारी मंदिर की गुल्लक में रखी दानपेटियों से दानराशि निकालकर गिन रहे थे। आरोपी केनरा बैंक के फील्ड ऑफिसर अभिनव सक्सेना ने तीन दिनों तक मंदिर की गुल्लक से दान की राशि चुराई है। तीन दिनों से वह मंदिर की गुल्लक खोलकर दान की रकम को इकट्ठा कर रहा और घर ले जाकर रख दी।
वह दो दिन मंदिर से पैसे लेकर जल्दी निकल गया। इस पर शक हुआ। मंदिर में लगे कैमरों में देखा गया तो उसकी करतूत की जानकारी हुई। बैंककर्मी ने नोटों की गड्डियों को अपनी पैंट में अंदर छिपा लिया था। इस बात की जानकारी मंदिर के प्रबंधक मुनीश कुमार को हुई तो उन्होंने आरोपी बैंककर्मी को जाने से पहले ही पकड़ लिया।
सीओ संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की पहचान मूलरूप से मुरादाबाद जिले के रामपुर निवासी अभिनव सक्सेना वर्तमान में गोवर्धन चौराहा के समीप अशोका सिटी में है। जो एक फील्ड अफसर के पद पर कार्यरत था। आरोपी के पास से 500 और 200 रुपये की गड्डी बरामद हुई। मंदिर प्रबंधक ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने आज के अलावा भी पैसे चुराए हैं।
पुलिस उसे लेकर रकम बरामद करने के ले लिए उसके घर पहुंचीं। जानकारी में आया है कि लाखों रुपये की धनराशि को तीन दिन में पार किया गया है। पुलिस ने उससे 9.50 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, अभी और धनराशि मिलने की बात कही जा रही है। सीओ ने बताया कि आरोपी तीन साल पहले वृंदावन में तैनात था। वर्तमान में मथुरा शहर स्थित केनरा बैंक में कार्यरत है।
आरोपी की पत्नी घटना सुन रोने लगी
आरोपी बैंककर्मी अभिनव की पत्नी सीए है। उसको इस बात की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। उसकी समझ ही नहीं आया कि यह क्या हो गया। वह फोन पर ही रोने लगी।
पहले भी दानराशि चोरी करते दो पकडे गए
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में 19 सितंबर 2019 में दान राशि की चोरी की घटना हो चुकी है। मंदिर के ही कर्मचारी रहे मोहिनी नगर पानीघाट निवासी अमित पाराशर एवं मदनमोहन घेरा निवासी हरप्रसाद को पकड़ा था। इनके पास से 27,500 रुपए बरामद हुए थे। मंदिर प्रबंधन ने दोनों कर्मचरियों को पुलिस को सौंप दिया और उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की थी।



