योगी आदित्यनाथ आज भरेंगे पर्चा, पहली बार लड़ रहे हैं विधानसभा चुनाव

  • Friday February 04 2022 - 10:09 AM
  •  

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए 4 फरवरी का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर सीट से पर्चा भरेंगे। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। अब तक के कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम योगी शुक्रवार सुबह 11.40 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस आयोजन से पहले सुबह 10.50 बजे गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा होगी, जिसे अमित शाह समेत तमाम बड़े नेता संबोधित करेंगे।

कितना अहम है योगी का विधानसभा चुनाव लड़ना

भाजपा ने 15 जनवरी को एलान किया था कि इस बार योगी आदित्यनाथ भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और पार्टी ने उनके लिए गोरखपुर सीट तय की। योगी आदित्यनाथ की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी घोषणा की है कि वह मैनपुरी विधानसभा सीट से करहल से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 फरवरी और 3 तथा 7 मार्च को मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।