60 लाख रुपए के फूलों से हर दिन वृन्दावन के मन्दिरों में बनते हैं बंगला

  • Monday April 24 2023 - 06:01 PM
  •  

  • थाईलेंड, हांगकांग सहित आधादर्जन देशों के फूल होते हैं फूलबंगले में 
  • 23 कुंटल फूलों से प्रतिदिन होती है प्रभु सेवा
  • देश के कई बड़े शहरों की फूलमंडी से आते हैं फूल
  • आराध्य को गर्मी में शीतलता के लिए फूलों से किया जाता है सेवित

वृन्दावन। विश्व पटल पर आस्था का केन्द्र वृन्दावन के प्रतिष्ठित मन्दिरों में विराजमान भगवान की सेवा देशी फूलों के साथ विदेशी फूलों से भी बड़े पैमाने पर होने लगी हैं। गर्मी के दिनों में आराध्य को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ सजावट के लिए कारीगरों द्वारा देश के करीब एक दर्जन बड़े शहरोें की फूलमंडियों से हांगकांग और थाईलेंड सहित कई देशों के फूलों को कुंतलों में लाया जा रहा है। प्रभु भक्तों की बढ़ती संख्या के समानांतर फूलों का आयात भी बढता गया। यहां के मन्दिरों में प्रतिदिन 23 कुंतल से अधिक फूलों की खपत हो रही है। जिसमें करीबन 60 लाख 65 हजार रुपए खर्च हो रहे हैं। 

नगर में करीब साढे छह हजार मन्दिरों में अपने आराध्य को पुष्पों से सेवित करने की परंपरा साढे पांच सौ वर्ष पुरानी है। यहां के सेवायत गोस्वामी और ब्रजवासी प्रतिदिन प्रभु की सेवा श्रृंगार में पुष्पों से सेवित करने की प्राचीन परंपरा को संजोये हुए हैं। बड़ी मात्रा में आसपास मथुरा और आगरा की फूल मंडी से पूर्ति न होने पर फूलों के लिए फूल सजावट कारीगर और थोकविके्रता दिल्ली,आगरा, इंदौर, मैसूर, कोलकाता, बैंगलौर,अहमदाबाद,जयपुर, उज्जैन, अजमेर, कन्नौज से फूलों को ला रहे हैं। मन्दिरों में सजने वाले फूल बंगला और झांकियों को और आकर्षक बनाने के लिए कारीगर हांगकांग, थाईलेंड, चीन और नेपाल के भी फूलों का प्रयोग कर रहे हैैं। प्रभु चरणों में देशी फूल कमल, गुलाब, गैंदा,मोगरा,रायबेर,बेला, चंपा, चमेली सर्वाधिक चढाए जाते हैं। 

फूल बंगला कारीगर कृष्णा ने बताया कि सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मन्दिर के एक बंगले में लगभग एक हजार किलो यानि 10 क्विंटल से अधिक फूल उपयोग में लाए जाते हैंँ। जबकि माला और झांकियों में भी करीब इतने ही फूलों का प्रयोग प्रतिदिन हो जाता है। इन देशी फूलों में तेज सुंगध होने के साथ आकर्षक होता है लेकिन विदेशी फूल में चमक सर्वाधिक होती है। फूलबंगला कारीगर राजू सैनी का कहना है कि वृन्दावन में सर्वाधिक हिन्दी माह ज्येष्ठ, अषाढ और श्रावण माह में मन्दिरों में सर्वाधिक फूल बंगले सजते हैं। इन तीन माह में फूलों के दाम गर्मी के साथ मांग बढ जाने से कई गुना अधिक हो जाती हैं। एक माह में फूलों पर करीब 18 करोड़ साठ लाख रुपए खर्च होते हैं। प्रभु की पुष्पसेवा के बाद इन्हें यमुना किनारे और खाली मैदानों में गडडों कर डाल दिया जाता है। जिससे कि उच्च कोटि की देशी खाद के रुप में किसान प्रयोग में ले लेते हैं। 

इन विदेशी फूलों से सज रहे मंदिर

कानेशन

लिलि

वेलाडाटा

एनथोनियम

आर्किड

जर्वरा

इन मंदिरों में होती है सर्वाधिक फूलों की खपत 

श्री बांकेबिहारी मन्दिर

ठा.राधावल्लभ मन्दिर

श्री राधारमण मन्दिर

श्री राधा दामोदर मन्दिर

श्री राधाश्यामसुन्दर मन्दिर

सेवाकुंज

इस्कॉन

ठा. स्नेहबिहारी मन्दिर 

ठा.गोविन्ददेव मन्दिर