बृज के समग्र विकास का बड़ा प्लान, केन्द्र के सहयोग यूपी सरकार करेगी ब्रज का ऐतिहासिक विकास
- सीएम योगी के कई केन्द्रीय मंत्रियों के साथ दिल्ली में किया मंथन
- कई बड़ी परियोजनाओं को मिली स्वीकृति, बनेगी डीपीआर
- मथुरा-वंदावन के बीच रेलमार्ग होगा विकसित
- वृन्दावन से गोकुल तक बनेगा जलमार्ग
- धर्म स्थलों पर होंगे सांस्कृतिक समारोह
मथुरा। मथुरा- वृन्दावन समेत ब्रज के समग्र विकास के लिए यूपी सरकार बड़ा प्लान तैयार करने जा रही है। केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज का विकास करने जा रहे हैं। इसके लिए यूपी के सीएम ने दिल्ली स्थित केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के आवास पर कई केन्द्रीय मंत्रियों के साथ बैठक की है। जिसमें ब्रज के विकास संबंधी कई बड़ी योजनाओं पर लेकर मंथन किया गया।
इन केन्द्रीय मंत्रियों के साथ ब्रज विकास पर हुई चर्चा
मथुरा वृन्दावन से सम्बन्धित विभिन्न परियोजनाओं पर विचार-विमर्श एवं निर्णय के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सड़क परिवहन राज्य मार्ग मंत्रालय के आवास पर सम्पन्न हुई। बैठक में सीएम योगी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सर्वानन्द सोनेवाल, केन्द्रीय पत्तन जहाज रानी एवं जल मार्ग मंत्री, केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।
ब्रज 84 कोस के विस्तार को लेकर की गई बैठक
बैठक में मथुरा-वृन्दावन से सम्बन्धित परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण अपर मुख्य सचिव गृह एवं धर्मार्थ कार्य अवनीश अवस्थी एवं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्र द्वारा किया गया। यह बैठक में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के विकास के स्वरूप को लेकर की गई।
परिक्रमा मार्ग को फोर लेन बनाया जाएगा
इस अहम बैठक में तय किया गया कि परिक्रमा मार्ग को दो लेन एवं चार लेन जहां जैसी भूमि उपलब्ध हो के आधार पर विकसित किया जायेगा। परिक्रमा मार्ग में पक्की सड़क के साथ-साथ कच्ची पटरी विकसित होंगी, जिससे कि श्रृद्धालु पैदल परिक्रमा कर सकें। कच्चे पथ के ऊपर घास का रोपड भी किया जायेगा, जिससे कि गर्मियों में सुविधा जनक तरीके से परिक्रमा की जा सके। दूसरी परियोजना मथुरा-वृन्दावन, गोवर्धन बाईपास बनाये जाने की है, जिस पर कि शीघ्र ही डीपीआर बनाई जायेगी।
जानिए ब्रज विकास के प्लान में क्या है खास
यह परियोजना उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा प्रस्तुत ब्रज तीर्थ पथ परियोजना एवं गोवर्धन कनेक्ट परियोजना का एकीकृत रूप है। जैंत गांव से वृन्दावन पहुंचते हुए यमुना जी के दूसरे तट पर वृन्दावन से मथुरा एवं मथुरा से गोकुल, गोकुल से वापस नेशनल हाईवे को रिफाइनरी के पास जोड़ा जायेगा। इस पथ में स्थान-स्थान पर ब्रिज बनाकर दर्शानार्थियों को बिहारी जी, द्वारिकाधीश आदि जगहों पर पहुंचने का मार्ग उपलब्ध कराये जाने की योजना है। इस परियोजना में दो जगह यमुना नदी पर ब्रिज बनाये जाने का प्राविधान है, जो कि 6 लेन आकार के होंगे, ताकि भविष्य रोड़ के चौडीकरण किये जाने पर ब्रिज उपयुक्त साबित हो सकें। दूसरी ओर छटीकरा से गोवर्धन होते हुए गोवर्धन ड्रेन की दोनो पटरियों का प्रयोग करते हुए हिन्दुस्तान कॉलेज के पास नेशनल हाईवे को कनेक्ट किया जायेगा, जिससे कि आगरा से आने वाले श्रृद्धालु सीधे गोवर्धन पहुंच सकेंगे और गोवर्धन से बिना मथुरा में प्रवेश किये आगरा एवं कानपुर की ओर जा सकेंगे, जिससे मथुरा में यातायात दबाव को कम करने में सुविधा हो सकेगी।
वृन्दावन को लेकर रेल मंत्रालय का ये है ब़ड़ा प्लान
मथुरा-वृन्दावन रेल मार्ग परियोजना पर विचार-विमर्श किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा अवगत कराया गया है कि इस परियोजना पर कार्य हेतु मण्डल रेल प्रबन्धक आगरा के यहां गति शक्ति यूनिट स्थापित कर दी गई है। वह शीघ्र ही मथुरा-वृन्दावन लाईट रेल बनाये जाने के लिए डीपीआर बनाने का कार्य करेगी। यह परियोजना लगभग रु.1000.00 करोड़ की होगी। इससे श्रृद्वालु बिना ट्रेफिक जाम से सुगमता से मथुरा से वृन्दावन आ-जा सकेंगे। इसमें नोडल अधिकारी मण्डल रेल प्रबन्धक, आगरा होंगे, जो उत्तर्रपदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के साथ सामन्जस स्थापित कर योजना पर कार्य करायेंगे।
वृन्दावन से गोकुल तक बनेगा जलमार्ग
वृन्दावन से गोकुल तक जलमार्ग विकसित करने के लिए परियोजना पर विचार-विमर्श किया गया। सर्बानन्द सोनोवाल, मंत्री पत्तन जहाज रानी एवं जल मार्ग द्वारा अवगत कराया गया कि मंत्रालय वृन्दावन से गोकुल तक जयति बनाने का कार्य करने हेतु सहमत है, परन्तु नौका एवं उसके संचालन का काम प्रदेश सरकार को करना होगा। मुख्यमंत्री द्वारा अनुरोध किया गया है कि वृन्दावन, गोकुल जन मार्ग की एक समेकित इन्टीग्रेटिड डीपीआर मंत्रालय द्वारा बना दी जाये और उसके उपरान्त यथा आवश्यक कार्य विभिन्न मंत्रालय द्वारा किये जा सकें।
धर्म स्थलों पर होंगे सांस्कृतिक समारोह
केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी से उत्तरप्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने आग्रह किया गया है कि उत्तरप्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा चन्द्रसरोवर गोवर्धन, रसखान समाधि महावन पर एक-एक ओपन एयर थियेटर बनाया गया है। इसके साथ ही गीता शोध संस्थान वृन्दावन में एक हजार फीट का कोडिटोरियम बनाया गया है। इन स्थानों को संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के वार्षिक कलेन्डर पर लेकर प्रत्येक वर्ष दो-दो समारोह आयोजित किये जाने उपयुक्त होंगे इससे से ब्रज क्षेत्र में आने वाले श्रद्वालुओं को ब्रज संस्कृति एवं लीला स्थलों से परिचित कराया जा सकेगा। माननीय मंत्री जी द्वारा इस पर सहमति व्यक्त की गई।
वृन्दावन में चलेंगी मिनी इलेक्ट्रिक बसें
वृन्दावन के अन्दर धनघोर ट्रेफिक जाम से निजात पाने के लिए छोटी इलेक्ट्रिक बसे चलाये जाने पर विचार किया गया। यह इलेक्ट्रिक बस अधिकतम 15 सीट की होगी, जिससे कि सम्पूर्ण वृन्दावन में सुगमता से चल सके। इलेक्ट्रिक बस वृन्दावन के दोनों ओर स्थित पार्किंगों पर उपलब्ध होगी। जहां से श्रद्वालुओं को लेकर सम्पूर्ण वृन्दावन में भ्रमण कर सकेगी। मंत्री द्वारा उक्त परियोजना पर कार्य किये जाने हेतु आश्वासन दिया गया।
मथुरा में बनेगा विश्व स्तरीय कनवेक्शन सेंटर
प्रदेश के पर्यटन प्रमुख सचिव द्वारा अनुरोध किया गया है कि स्वदेश दर्शन योजना के अन्तर्गत मथुरा एवं अयोध्या में विश्व स्तरीय कनवेक्शन सेन्टर स्थापित किये जायें तथा म्यूजियम ग्रान्ट योजना के अन्तर्गत मथुरा, लखनऊ एवं कुशीनगर में म्यूजियम को सौन्दर्यीकरण एवं नवीनीकरण किया जाना है। इस सम्बन्ध में पर्यटन मंत्री जी द्वारा कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
बैठक में ये अफसर रहे मौजूद
इस केन्द्र एवं यूपी सरकार के बीच हुई इस अहम बैठक में केन्द्रीय सचिव एन.एच.ए.आई. केन्द्रीय पर्यटन सचिव, सचिव जहाज रानी, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम, उत्तरप्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेन्द्र प्रताप एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कन्सलटेन्ट जय कार्तिक आदि उपस्थित रहे।



