श्रीबांके बिहारी मंदिर
श्रीबांके बिहारी मंदिर प्रबंध समिति की बैठक: सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने व्यवस्थाओं पर उठाए गंभीर सवाल, सौंपा 15 सूत्रीय मांग-पत्र
वृंदावन। श्रीबांके बिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की बैठक शनिवार को लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में आयोजित की गई। इसमें समिति के सदस्य सचिव एवं जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह की मौजूदगी में मंदिर की दैनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और श्रद्धालुओं को बेहतर व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस बीच ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दैनिक व्यवस्थाओं में सुधार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा की रक्षा को लेकर सेवायत एवं समिति सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने हाई पावर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार को एक ज्ञापन सौंपा है। जिसमें मंदिर प्रशासन और पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं और 15 सूत्रीय मांग-पत्र’’ प्रेषित किया गया है।
नई व्यवस्थाओं से चरमराई व्यवस्था और सुरक्षा पर खतरा
सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि समिति द्वारा माननीय उच्च न्यायालय द्वारा अनुमोदित व्यवस्थाओं को नजरअंदाज कर नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, जिससे मंदिर की दैनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। पत्र में चेतावनी दी गई है कि नई व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
आरोप लगाया गया कि सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता, जबरन वसूली और महिला श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके अलावा, निकास द्वार से अवैध प्रवेश और अवैध वीआईपी दर्शन के नाम पर हो रही वसूली से भगदड़ जैसी स्थिति बन रही है। फूल बंगला सेवा पर अतिरिक्त शुल्क और दर्शन के समय में अनधिकृत बढ़ोतरी को भी हरिदासी संप्रदाय की परंपराओं व मंदिर की पवित्रता के खिलाफ बताया गया है।
सेवायत हिमांशु गोस्वामी द्वारा प्रेषित 15 प्रमुख मांगें-
1. ’’पुरानी दर्शन व्यवस्था की बहाली’’ जगमोहन से पूर्व की भांति महिलाओं और आम श्रद्धालुओं को दर्शन, माला-भोग अर्पित करने और प्रसादी प्राप्त करने की अनुमति दी जाए।
2. ’’महिला सुरक्षा बल की तैनाती’’ महिलाओं के लिए आरक्षित स्थलों पर केवल महिला पुलिस व सुरक्षाकर्मी ही तैनात किए जाएं।
3. ’’धार्मिक परंपराओं की रक्षा’’ हरिदासी संप्रदाय की आवश्यक धार्मिक प्रथाओं को पुनः लागू कर असंवैधानिक आदेश वापस लिए जाएं।
4. ’’अवैध वीआईपी दर्शन पर रोक’’ पैसे लेकर होने वाले गैर-प्रोटोकॉल वीआईपी दर्शन तुरंत बंद हों; विशिष्ट घेरे में केवल संप्रदाय सदस्य, श्रद्धालु और अधिकृत प्रोटोकॉल वीआईपी को ही प्रवेश मिले।
5. ’’निकासी द्वार पर सख्ती’’ निकास द्वार से अवैध प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
6. ’’मर्यादित आचरण का निर्देश’’ सुरक्षा और पुलिसकर्मियों को धार्मिक मर्यादा बनाए रखने का कड़ा निर्देश दिया जाए और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई हो।
7. ’’अतिरिक्त कर वापसी’’ सेवा, भोग व श्रद्धा के नाम पर हो रही धन उगाही और अतिरिक्त शुल्कों को तुरंत समाप्त किया जाए।
8. ’’दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई’’ श्रद्धालुओं से मारपीट और महिलाओं का उत्पीड़न करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
9. ’’धर्मविरोधी आदेश रद्द हों’’ संप्रदाय की परंपराओं के विपरीत पारित सभी फैसलों को निरस्त किया जाए।
10. ’’ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था’’ सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से श्रद्धालुओं की संख्या ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से प्रतिदिन 50,000 तक सीमित की जाए।
11. ’’नागरिक सुविधाओं का विस्तार’’ राज्य सरकार व नगर निगम द्वारा मंदिर के बाहर स्वच्छ पेयजल, शौचालय व नागरिक सुविधाएं (अनुच्छेद 21 के तहत) सुनिश्चित की जाएं।
12. ’’प्रबंधकों द्वारा प्रत्यक्ष अवलोकन’’ समिति के सदस्य स्वयं आम श्रद्धालुओं की भांति कतार में लगकर दर्शन करें ताकि जमीनी परेशानियों का वास्तविक अहसास हो सके।
13. ’’नए मंदिर हेतु भूमि आवंटन’’ वृंदावन के गैर-आबादी क्षेत्र में 5 से 50 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर हरिदासी संप्रदाय को सर्किल रेट पर हस्तांतरित की जाए, जिससे अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त भव्य मंदिर का निर्माण हो सके।
14. ’’प्राचीन धरोहरों का संरक्षण’’ सुरक्षा के नाम पर कुंज गलियों और प्राचीन मंदिरों के स्वरूप से छेड़छाड़ करने वाले विकास प्लान को रद्द किया जाए।
15. ’’गोस्वामी समाज के सुझावों पर विचार’’ माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार गोस्वामी समाज द्वारा 22 अगस्त 2026 को दिए गए पत्रों पर गंभीरता से विचार कर अमल किया जाए।



