वृंदावन आते समय क्यों दुखी हुए बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री
वृंदावन। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वृंदावन के 20 किलोमीटर की परिधी में मांस और शराब की बिक्री पर पूर्णत: रोक लगनी चाहिए। इसके लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएं। यदि ऐसा हो तो वृंदावन का सौंदर्यं स्वर्ग से भी श्रेष्ठ हो जाए। उन्होंने कहा कि वृंदावन में आते वक्त शराब की दुकान देखकर बहुत ही दुख हुआ।
यह बात उन्होंने बुधवार को वृंदावन की प्रेमगली स्थित गोरीलालजी कुंज में कही। उन्होंने यहां ठा. गोरीलालजी महाराज के दर्शन करने के बाद महंत किशोरदास देव जू महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद के सवार पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि संत और आम जनमानस की भावना प्रबल है। इसलिए शीघ्र ही रामलला की तरह भगवान श्रीकृष्ण भी बिना किसी विवाद के भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। वृंदावन में दरबार के आयोजन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यहां दरबार की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यहां तो स्वयं बांकेबिहारी महाराज का दरबार हैं, जहां नाम जप और भक्ति की महिमा अनंत है। यहां तो स्वयं हनुमानजी महाराज भी भक्तिरस में लीन हो जाते हैं।
वहीं दूसरी ओर उन्होंने कहा कि वे जल्द ही धाम में कथा की सेवा करेंगे और जो भी जनकल्याण के लिए आवश्यक होगा, वे उसमें तत्पर रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राम राज्य की स्थापना के लिए और सनातन धर्म की रक्षा के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में सभी देशवासी अपने मताधिकार का प्रयोग करें। वह यहां मलूक पाठाधीश्वर राजेंद्रदास महाराज, भागवताचार्य श्रीकृष्ण चंद्र शास्त्री, इंद्रेश शास्त्री, श्यामसुंदर पाराशर आदि से मिले।



