कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन
'कांटा लगा' फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का निधन, 42 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
मुंबई। म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से मशहूर हुई अभिनेत्री एवं मॉडल शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री को शुक्रवार देर रात दिल का दौरा पड़ा और मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शेफाली को उनके पति, टेलीविजन अभिनेता पराग त्यागी तीन अन्य व्यक्तियों के साथ अस्पताल लेकर आए थे। अस्पताल के सूत्रों ने पुष्टि की है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इस मामले में पुलिस ने अभिनेत्री का पोस्टमार्टम कराया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो कसेगा।
पुलिस ने दर्ज की ADR
पुलिस अधिकारी ने बताया कि चूंकि मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, इसलिए मुंबई पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि शनिवार रात को एक बजे पुलिस को एक्ट्रेस की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। जांच अभी भी जारी
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में अभी तक कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। लेकिन जांच अभी भी जारी है। अब तक एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के पति और घरेलू कर्मचारियों सहित 8 लोगों के बयान भी दर्ज किए है।
पति ने अस्पताल में कराया था भर्ती
बता दें कि शेफाली जरीवाला को उनके पति पराग त्यागी द्वारा मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ले जाने के बाद मौजूद डॉक्टर ने एक्ट्रेस को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने बताया कि एक्ट्रेस की मौत की सूचना मिलने के बाद एक मोबाइल फोरेंसिक यूनिट और एक पुलिस टीम गोल्डन रेज-वाई बिल्डिंग में अभिनेता के अपार्टमेंट में पहुंची।
शेफाली जरीवाला का हुआ अंतिम संस्कार
अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का अंतिम संस्कार मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट पर हुआ। अंतिम यात्रा उनके अंधेरी स्थित घर से शुरू हुई, जिसमें उनके पति पराग त्यागी, मां सुनीता जरीवाला, और कई करीबी दोस्त व इंडस्ट्री के लोग शामिल हुए। सिंगर मीका सिंह, शहनाज़ गिल, सुनिधि चौहान, आरती सिंह, रश्मि देसाई, और माहिरा शर्मा जैसे सितारों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
कहीं उनकी मौत का कारण एंटी-एजिंग प्रक्रिया तो नहीं ?
मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अभिनेत्री कथित तौर पर एंटी-एजिंग उपचार से गुजर रही थीं, जिसमें विटामिन सी और ग्लूटाथियोन का इस्तेमाल शामिल था, जो आमतौर पर त्वचा को गोरा करने और डिटॉक्सीफिकेशन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवा है। सूत्रों के अनुसार, जरीवाला ने शुक्रवार रात को अपनी गोलियां ली थीं। दोपहर में, उन्होंने एंटी-एजिंग दवा का इंजेक्शन लिया था। उनका रक्तचाप काफी कम हो गया और उन्हें ठंड लगने लगी, जिससे उनके परिवार के सदस्यों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
‘बिग बॉस 13’ से भी हुईं मशहूर
एक्ट्रेस के अचानक निधन की खबर से मनोरंजन जगत और उनके फैन को सदमा लगा है। 2000 के दशक की शुरुआत में क्लासिक हिंदी गाने के रीमिक्स ‘कांटा लगा’ ने शेफाली को पॉपुलर बनाया था। ‘बिग बॉस 13’ सहित टेलीविज़न और रियलिटी शो में दिखाई देती रहीं। इस शो में उनकी ईमानदारी, मनोबल और मानसिक स्वास्थ्य के बारे में खुलकर चर्चा करने के लिए प्रशंसा की गई।



