हरियाली तीज पर वृंदावन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 4 सुपर जोन और 18 सेक्टर में बंटा धाम

  • Saturday August 15 2026 - 12:50 AM
  •  

  • 14 से 16 तक बाहरी वाहनों की वृंदावन में नो एंट्री 
  • 70 पॉइंटों पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा
  • 6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना 

वृंदावन। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, सप्ताहांत (शनिवार) की छुट्टी और हरियाली तीज का पावन पर्व एक साथ पड़ने के कारण वृंदावन धाम में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ने का अनुमान है। वर्ष में केवल एक बार होने वाले ठाकुर श्रीबांकेबिहारी जी के अति-दुर्लभ स्वर्ण-रजत हिंडोला दर्शन के लिए इस बार छह लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस त्रि-संगम के अवसर पर भीड़ को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है और पूरे नगर को 4 सुपर जोन व 18 सेक्टरों में विभाजित किया है।

यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए 14 अगस्त से 16 अगस्त की रात तक बाहरी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नगर के प्रवेश मार्गों पर बने 70 पॉइंटों पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा। श्रद्धालुओं के वाहन स्थाई व अस्थाई पार्किंग स्थलों पर खड़े कराए जाएंगे, जहाँ से वे ई-रिक्शा या गोल्फ कार्ट के जरिए मंदिर के समीप पहुँच सकेंगे। श्रीबांकेबिहारी मंदिर मार्ग को पूरी तरह 'नो व्हीकल जोन' घोषित किया गया है, जहाँ केवल पैदल आवाजाही की अनुमति होगी।

वन-वे व्यवस्था और 14 होल्डिंग एरिया से नियंत्रित होगी भीड़

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि भीड़ के सुचारू प्रवाह के लिए मंदिर परिसर में वन-वे (One-Way) व्यवस्था लागू रहेगी। जुगलघाट की ओर से आने वाले श्रद्धालु गेट संख्या 2 से प्रवेश कर गेट संख्या 1 से बाहर निकलेंगे। वहीं, विद्यापीठ चौराहा की ओर से आने वाले श्रद्धालु गेट संख्या 3 से प्रवेश कर गेट संख्या 4 से बाहर प्रस्थान करेंगे। अन्य रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद किया जाएगा। इसके अलावा, मंदिर मार्ग पर अत्यधिक भीड़ के दबाव को रोकने के लिए 14 स्थानों पर 'होल्डिंग एरिया' बनाए गए हैं, जहाँ रस्सों व बैरिकेड्स की मदद से श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से रोका और छोड़ा जाएगा। पूरे नगर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और पीए सिस्टम से की जाएगी।

भारी पुलिस बल तैनात, होटल व आश्रमों को निर्देश जारी

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए 4 एएसपी, 12 सीओ, 70 इंस्पेक्टर, 260 सब-इंस्पेक्टर, 90 महिला सब-इंस्पेक्टर, 1400 कांस्टेबल, 150 महिला कांस्टेबल, 400 होमगार्ड, पीएसी की 2 कंपनियां, फ्लड पीएसी की 2 प्लाटून तथा एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की 1-1 टीमें तैनात रहेंगी।

प्रशासन ने होटल, गेस्टहाउस और आश्रम संचालकों को भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने परिसरों में मंदिर के समय, जूते-चप्पल उतारने के स्थान और स्थानीय ई-रिक्शा के उपयोग से संबंधित सूचना-पट्ट (निर्देशिका) स्पष्ट रूप से चस्पा करें, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।