हरियाणवी गायक व अभिनेता अंकित बालियान की दिनदहाड़े हत्या, 5 गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कोतवाली के पास एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रसिद्ध हरियाणवी गायक, अभिनेता और सोशल मीडिया स्टार अंकित बालियान की चार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर आए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
जिम में आई कॉल पर हुई थी तीखी बहस
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बुधवार शाम अंकित अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम गए थे। जिम के अंदर उन्हें किसी का फोन आया, जिस पर उनकी तीखी बहस हुई। इसके तुरंत बाद जैसे ही अंकित जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठे, पहले से घात लगाए बैठे चार शूटरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। सिर, छाती और पेट में 5 गोलियां लगने से अंकित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का गुस्सा और मां का कारुणिक क्रंदन
हत्या की खबर मिलते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान अंकित की मां अपने बेटे का सिर गोद में रखकर रोते हुए बोलीं- "मत बोलो, मेरा बेटा सो रहा है।" मां की यह हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों के त्वरित एनकाउंटर और सख्त कार्रवाई की मांग की। देर रात प्रशासन के समझाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
संगीत जगत में शोक और राजनीतिक हलचल
शामली के बंतीखेड़ा गांव के निवासी अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक उभरता हुआ चेहरा थे। यूट्यूब पर लाखों सब्सक्राइबर और सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। वह अगले महीने अपने नए गाने रिलीज करने की तैयारी में जुटे थे और आगामी जिला पंचायत चुनाव लड़ने का मन भी बना रहे थे।
इस हत्याकांड के बाद हरियाणा और यूपी तक सनसनी फैल गई है। वहीं, विपक्ष ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार को घेरते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।



