पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया महान गायिका लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार
मुंबई। महान गायिका लता मंगेशकर का रविवार शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। यहां देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे समेत फिल्मी हस्तियां और दिग्गज नेताआें ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
इसस पहले उनके पार्थिव शरीर को ब्रीच कैंडी अस्पताल से दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दक्षिण मुंबई के पेडर रोड स्थित उनके प्रभु कुंज आवास ले जाया गया। इसके बाद इसे शिवाजी पार्क लाया गया। जहां शाम करीब साढ़े छह बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मंगेशकर की बहन उषा मंगेशकर और उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि 92 वर्षीय गायिका के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके कारण रविवार सुबह 8.12 बजे उनका निधन हो गया।
लता मंगेशकर के निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा
महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मंगेशकर का 92 वर्ष की आयु में रविवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं।



