पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर
श्री द्वारिकाधीश मन्दिर दर्शन के समय में परिवर्तन, इस प्रकार रहेंगी व्यवस्थाएं
मथुरा। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में आज 26 दिसंबर से मंगला और श्रृंगार के दर्शन मंदिर के निर्धारित समय पर होंगे लेकिन ग्वाल के दर्शन अब भक्तों को नहीं होंगे। ग्वाल की सेवा मंदिर के गर्भ़गृह में अंदर ही अंदर सेवा चालू रहेगी। दर्शनों का यह क्रम दो जनवरी तक रहेगा। यह निर्णय मंदिर प्रबंधन ने शीतकाल को देखते हुए की है।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि 26 दिसंबर से मंगला और श्रृंगार के दर्शन समय पर होंगे और ग्वाल के दर्शन नहीं होंगे अर्थात अंदर ही अंदर सेवा चालू रहेगी। राजभोग के दर्शन प्रात: काल 10:15 पर खुलेंगे और उसमें ठाकुरजी का भव्य छाक मनोरथ होगा।
वर्तमान में शीतकालीन व्यवस्था को देखते हुए दर्शनार्थियों को केवल मुख्य द्वार से प्रवेश दिया जाएगा और दो अन्य दरवाजों से निकास रखा जाएगा। इस प्रकार की व्यवस्था दो जनवरी तक चलेगी जिससे किसी भी तीर्थ यात्री को जो शीतकालीन अवकाश में आ रहे हैं, उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो।



