मैया री मैंने चोरी नाय करी... जे ग्वालिन झूठौ ही दोष लगामैं...

  • Monday December 20 2021 - 10:34 PM
  •  

  •  राग सेवा वृन्दावन के सुप्रसिद्ध संगीतकार पं. दामोदर शर्मा ने की

वृन्दावन। वृंदावन के प्राचीन सप्त देवालयों में से एक ठा. राधारमण मंदिर में चल रहे शीतकालीन निकुंज सेवा महोत्सव का आनंद इस समय चरम पर हैं, नित नवीन रस कुंजों में दर्शन दे रहे ठा. राधारमण देव जू की आकर्षक झांकिया भक्तों को अपनी आकर्षित ओर कर रही हैं। 

सायंकाल संध्या आरती पश्चात् हुई राग सेवा ब्रज-वृन्दावन के सुप्रसिद्ध संगीतकार पं. दामोदर शर्मा ने दीं, जिन्होंने मुदरी चोरी लीला का गायन करते हुए समां बांधा, उन्होंने ’’करे राधिका निरत.... श्याम छवि निरखत..... नीके नेह में परत, लई मुदरी उतारि......, मैया री मैंने चोरी नाय करी... जे ग्वालिन झूठौ ही दोष लगामैं.....जय जय राधारमण हरिबोल, हरि बोल... हरि बोल... हरि बोल... जय जय राधारमण हरिबोल.... आदि भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। पं. दामोदर शर्मा की सुरीली एवं आकर्षक कंठ से भजन सुन श्रद्धालु एवं श्रोतागण झूमकर नृत्य करने लगे। 

 श्रीचैतन्य प्रेम संस्थान के तत्वावधान में श्रीराधारमण मंदिर में चल रहे शीतकालीन निकुंज सेवा महोत्सव में द्वादश भक्ति रस निकुंज के अन्तर्गत भय भावना भक्ति रस निकुंज में विराजित होकर भक्तों को दर्शन दिए, शीतऋतु के दृष्टिगत ठा. राधारमण लाल ने हरे रंग की जैकेट सहित रक्तवर्ण के वस्त्र धारण किए, आभूषणों सहित ठा. राधारमण लाल ने स्वर्ण रत्नजड़ित ब्रजरतन मुकुट धारण किया, ठाकुर जी की शाही एवं नयनाभिराम झांकी को देख भक्त निहाल हो उठे एवं अपलक नेत्रों से ठाकुर जी का दीदार कर रहे थे।  

खिचड़ी महोत्सव के अन्तर्गत ठा. राधारमण लाल का प्रातःकाल में विविध मेवाओ से बनी गरम गरम खिचड़ी भोग सहित भाजा, अचार, पापड़, मुरब्बा अर्पित किया गया, शीतऋतु के अर्न्तगत ठाकुर जी एवं प्रियाजू को समय-समय पर गर्माहट के लिए अंगीठी भी निवेदित की गई एवं शीतऋतु को देखते हुए ठा. राधारमण लाल को मौजे भी पहनाए गए, जिससे कि ठाकुर जी को भीषण ठंड से बचाया जा सकें।

निकुंज-महिमा पर प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिक गुरू आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी ने बताया कि भय मनुष्य के जीवन में एक प्रमुख भाव हैं, किन्तु ठाकुरजी की लीला एवं सेवा में कोई अपराध नहीं हों, उसका भय भक्तों के हृदय में बना रहें, उस विशुद्ध भाव से जो भक्त सेवा करते हैं, वो भय-भावना हैं, ठाकुरजी से भय नहीं हैं, लेकिन सेवा में कोई अपराध नहीं हों, उसका भय अवश्य मन में रखना हैं।

इस अवसर पर वेणुगोपाल गोस्वामी, अभिनव गोस्वामी, सुवर्ण गोस्वामी आदि उपस्थित थे।