अक्षय नवमी: इस कथा को पढ़ने से मिलेगा शुभ फल और पूरी होगी मनोकामना

  • Wednesday November 02 2022 - 09:35 AM
  •  

कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी व आंवला नवमी कहा जाता है। हिंदू धर्म में अक्षय नवमी का विशेष महत्व है और मान्यता है कि इस आंवले का पूजन करने से स्वास्थ्य संबंधी सभी समस्याओं से छुटकारा मिलता है।

आज यानि 2 नवंबर को अक्षय नवमी का दिन है और इस दिन महिलाएं संतान व सौभाग्य की प्राप्ति के लिए व्रत भी करती हैं। कहते है कि इस दिन भगवान विष्णु और आंवले का पूजन करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। अगर आप भी अक्षय नवमी का व्रत कर रहे हैं तो व्रत कथा को पढ़ना न भूलें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कोई भी व्रत बिना कथा के पूरा नहीं होता।

अक्षय नवमी व्रत कथा

अक्षय नवमी को एक पौराणिक कथा काफी प्रचलित है। जिसके अनुसार दक्षिण में स्थित विष्णुकांची राज्य के राजा जयसेन थे। इनके इकलौते पुत्र का नाम मुकुंद देव था। एक बार जंगल में शिकार खेलने के दौरान राजकुमार मुकुंद देव की नजर व्यापारी कनकाधिप की पुत्री किशोरी पर पड़ी। मुकुंद देव उसे देखते ही मोहित हो गए और उससे विवाह की इच्छा प्रकट की।

राजकुमार को किशोरी ने बताया कि उसके भाग्य में पति का सुख नहीं है और विवाह मंडप में बिजली गिरने से उसके वर की तत्काल मृत्यु हो जाएगी। इस बात को जानने के बाद भी मुकुंद देव विवाह के प्रस्ताव पर अडिग रहे. मुकुंद देव ने अपने आराध्य देव सूर्य और किशोरी ने भगवान शंकर की आराधना की. भगवान शंकर ने किशोरी से भी सूर्य की आराधना करने को कहा।

भगवान शंकर की कहे अनुसार किशोरी गंगा तट पर सूर्य आराधना करने लगी। तभी विलोपी नामक दैत्य किशोरी पर झपटा। ये देख सूर्य देव ने उसे वहीं भस्म कर दिया. किशोरी की अराधना से प्रसन्न होकर सूर्य देव ने किशोरी से कहा कि कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष नवमी को आंवले के वृक्ष के नीचे विवाह मंडप बनाकर मुकुंद देव से विवाह कर लो।

जब दोनों इस प्रकार विवाह करने लगे तो अचानक से बादल घिर आए और बिजली चमकने लगी। जैसे ही आकाश से बिजली मंडप की ओर गिरने लगी, आंवले के वृक्ष ने उसे रोक लिया। इसके बाद से ही आंवले के वृक्ष की पूजा की जाने लगी।