अधर सुधा रस मुरली साजत गल बैजयंती माल, बसौं मोरे नैनन में नंदलाल...

  • Saturday December 25 2021 - 10:28 AM
  •  

  • वात्सल्य भक्तिरस निकुंज में विराजमान ठा.राधारमण लाल की मुस्कुराहट भक्तों को कर रही पुलकायमान 
  • विष्णुप्रिया गोस्वामी ने मीराबाई के पद पर प्रस्तुत किया लोकनृत्य 

वृन्दावन। ठा.राधारमण लाल ने वात्सल्य भक्तिरस निकुंज में विराजमान होकर भक्तों को दर्षन दिए। महोत्सव में विष्णुप्रिया गोस्वामी ने नृत्य सेवा प्रस्तुत की। जबकि नृत्य पर गायन सेवा आस्था गोस्वामी ने की। 

श्री चैतन्य प्रेम संस्थान के तत्वावधान में चल रहे शीतकालीन निकुंज सेवा महोत्सव में ठाकुरजी अपनी प्रिया जू के साथ द्वादश भक्ति रस निकुंजों में से वात्सल्य भक्तिरस निकुंज में विराजमान हुए। ठाकुरजी को नवीन आभूषणों के साथ-साथ गहरे रंग की पोशाक धारण कराई गई। जिस पर पीले रंग की जैकेज शोभायमान थी।

सायंकाल विष्णुप्रिया गोस्वामी ने मीराबाई के पद मोहिनी मूरत सांवरी सूरत नैना बने विशाल, अधर सुधा रस मुरली साजत गल बैजयंती माल, बसौं मोरे नैनन में नंदलाल... लोकनृत्य प्रस्तुत किया। नृत्य देख ठाकुरजी के अधरों पर मंद-मंद मुस्कुराहट भक्तों को पुलकायमान कर रही थी। नृत्य पर गायन सेवा आस्था गोस्वामी ने की।

मृदंग पर संगत पं.कृष्णगोपाल शर्मा ने दी। सभी आगंतुकों का स्वागत आध्यात्मिक गुरू आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी, वेणुगोपाल गोस्वामी, अभिनव गोस्वामी, सुवर्ण गोस्वामी आदि ने प्रसादी वस्त्र एवं पान भेंटकर किया।