पेट्रोल-डीजल कीमत अपडेट
पेट्रोल-डीजल कीमत अपडेट: प्रीमियम पेट्रोल हुआ महंगा, ₹2.09 प्रति लीटर बढ़ोतरी लागू
नई दिल्ली। भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की शुरुआत हो गई है। तेल कंपनियों की रिपोर्ट के अनुसार, स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल ब्रांडों की कीमतों में ₹2.09 प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। यह बढ़ोतरी अलग-अलग शहरों में लागू की गई है और संशोधित दरें 20 मार्च, 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं।
हालांकि, राहत की बात यह है कि तेल कंपनियों ने फिलहाल नॉर्मल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। यानी आम उपभोक्ताओं पर इसका सीधा असर अभी नहीं पड़ा है, लेकिन प्रीमियम ईंधन इस्तेमाल करने वालों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।
डीलरों के अनुसार, HPCL के ‘पावर पेट्रोल’ और IOCL के ‘XP95’ जैसे ब्रांडेड ईंधनों की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल आमतौर पर बेहतर इंजन परफॉर्मेंस, स्मूथ ड्राइविंग और ज्यादा माइलेज के लिए किया जाता है, खासकर हाई-एंड और परफॉर्मेंस गाड़ियों में इसकी मांग अधिक रहती है।
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह मानी जा रही है। ईरान में चल रहे संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। हालांकि, शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में कुछ गिरावट देखने को मिली। इसका कारण प्रमुख यूरोपीय देशों और जापान द्वारा ‘हॉर्मुज स्ट्रेट’ से जहाजों के सुरक्षित गुजरने के प्रयासों में शामिल होने की पेशकश और अमेरिका द्वारा तेल आपूर्ति बढ़ाने के लिए उठाए गए कदम बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद कीमतें अभी भी 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं।
इस बीच, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस सप्ताह बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड में लगभग 5% की बढ़त दर्ज की जा सकती है। इसकी बड़ी वजह ईरान द्वारा खाड़ी देशों में तेल और गैस सुविधाओं पर हमले बताए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ है और सप्लाई पर दबाव बना हुआ है।



