टिकट कटने पर डॉ.हर्षवर्धन ने राजनीति से लिया संन्यास, बोले- कृष्णानगर का क्लिनिक मेरा इंतजार कर रहा...
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने बीजेपी की ओर से 2024 के के आम चुनाव के लिए कैंडिडेट की लिस्ट में नाम न आने पर सक्रीय राजनीति से अलविदा कह दिया है। तीस साल के राजनीतिक सफर के बाद उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनका कृष्णा नगर का क्लिनिक उनका इंतजार कर रहा है।
एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, श्तीस साल से अधिक के शानदार चुनावी करियर में मैंने सभी पांच विधानसभा और दो संसदीय चुनाव लड़े, जो मैंने बड़े अंतर से जीते, और पार्टी संगठन और राज्य और केंद्र की सरकारों में कई प्रतिष्ठित पदों पर काम किया। अब मैं अपनी जड़ो की ओर वापसी चाहता हूं।
डॉ. हर्षवर्धन ने सक्रिय राजनीति को कहा अलविदा
बीजेपी की ओर से 2024 के आम चुनाव के लिए जारी कैंडिडेट लिस्ट के आने के साथ पार्टी में राजनीति से दूरी बनाने का सिलसिला भी जारी है। जहां गौतम गंभीर और जयंत सिन्हा ने जहां लिस्ट आने से पहले ही खुद को सक्रिय राजनीति से अलग करने का आग्रह किया था, तो वहीं अब सूची जारी होने के बाद डॉ. हर्षवर्धन ने भी सक्रिय राजनीति से खुद को अलग कर लिया है। बता दें कि शनिवार को बीजेपी ने जो टिकटों की घोषणा की थी उनमें डॉ. हर्षवर्धन का टिकट भी काट दिया था। अब उन्होंने एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर राजनीति से दूरी बनाने के अपने फैसले का ऐलान किया है।
हर्षवर्धन ने लिखी पोस्ट
डॉ. हर्षवर्धन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, तीस साल से अधिक के शानदार चुनावी करियर में मैंने सभी पांच विधानसभा और दो संसदीय चुनाव लड़े, जो मैंने बड़े अंतर से जीते, और पार्टी संगठन और राज्य और केंद्र की सरकारों में कई प्रतिष्ठित पदों पर काम किया। अब मैं अपनी जड़ों की ओर वापसी के लिए अनुमति चाहता हूं।
अन्त्योदय दर्शन को मानता आया हूंः हर्षवर्धन
पचास साल पहले जब मैंने गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने की इच्छा के साथ जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में एमबीबीएस में प्रवेश लिया तो मानव जाति की सेवा ही मेरा आदर्श वाक्य था। दिल से एक स्वयंसेवक बनकर, मैं हमेशा कतार के अंतिम व्यक्ति की सेवा करने की कोशिश करता रहा हूं। इस तरह मैं दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को मानने वाला रहा हूं। तत्कालीन आरएसएस नेतृत्व के आग्रह पर मैं चुनावी मैदान आया। वे मुझे केवल इसलिए मना सके क्योंकि मेरे लिए राजनीति का मतलब हमारे तीन मुख्य शत्रुओं - गरीबी, बीमारी और अज्ञानता से लड़ने का अवसर था।
कोविड के दौरान मिला सेवा का मौका
हर्षवर्धन ने आगे लिखा कि, मेरी एक अद्भुत पारी रही जिसके दौरान आम आदमी की सेवा करने को मैं जुनूनी तौर पर जुटा रहा। मैंने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री के साथ-साथ दो बार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य किया। यह विषय मेरे दिल के करीब है. मुझे पहले पोलियो मुक्त भारत बनाने की दिशा में काम करने और फिर कोविड-19 के संक्रमण के दौरान उससे जूझ रहे हमारे लाखों देशवासियों के स्वास्थ्य की देखभाल करने का दुर्लभ अवसर मिला।



