ईडी की पूछताछ के दौरान बेहोश हो गई थीं तेजस्वी की गर्भवती पत्नी, लालू परिवार व करीबियों के यहां मिले 53 लाख रुपये
नई दिल्ली। आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव के दिल्ली स्थित आवास समेत 15 जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के एक दिन बाद आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके द्वारा भेजे गए ईडी ने उनकी गर्भवती बहू को जबरन 15 घंटे तक बैठने को मजबूर किया। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ईडी की छापेमारी के बाद तेजस्वी यादव की पत्नी को कल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वे गर्भवती हैं. 12 घंटे की पूछताछ के बाद ब्लड प्रेशर की समस्या के कारण बेहोश हो गई।
शुक्रवार को ईडी ने तेजस्वी यादव के दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी आवास पर छापेमारी की, जहां वह अपनी पत्नी राजश्री के साथ रहते हैं। छापेमारी के दौरान तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे. केंद्रीय एजेंसी ने लालू प्रसाद के परिवार और दोस्तों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
तेजस्वी ने मांगा समय
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नौकरी के बदले जमीन घोटाले की जांच में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी की सेहत का हवाला देते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से और समय मांगा है। सीबीआई ने मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए शनिवार को उन्हें जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा था। इससे पहले, राजद नेता को 4 मार्च को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह चूक गए। अब जांच एजेंसी आने वाले दिनों में उन्हें तीसरा समन भेजेगी।
लालू के परिवार व सहयोगियों के यहां से 53 लाख रुपये व सोना किया जब्त
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नौकरी के बदले जमीन मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद के करीबी सहयोगियों और परिवार के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 53 लाख रुपये नकद, 540 ग्राम सोना, 1.5 किलोग्राम वजन के सोने के आभूषण और 1900 अमेरिकी डॉलर जब्त किए हैं। जांच एजेंसी के एक अधिकारी के मुताबिक, घोटाले के सिलसिले में लालू प्रसाद के करीबी सहयोगियों और परिवार के सदस्यों के आवासों पर शुक्रवार को की गई छापेमारी में उपरोक्त बरामदगी की गई।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हाल ही में इस मामले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद से पूछताछ की थी। ईडी का मामला सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर है। अपने मामले में सीबीआई ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने मध्य रेलवे के तत्कालीन महाप्रबंधक और केंद्रीय रेलवे के सीपीओ की मिलीभगत से जमीन के बदले उनके या लालू परिवार के करीबी रिश्तेदारों के नाम पर लोगों को नियुक्त किया था।



