Iran–Israel War:
Iran–Israel War: डिमोना न्यूक्लियर साइट पर ईरान का हमला, ‘आयरन डोम’ पर उठे सवाल-मध्य पूर्व में बढ़ा परमाणु खतरा
यरूशलेम। मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान ने इजरायल के संवेदनशील ‘डिमोना’ न्यूक्लियर हब पर मिसाइल हमला कर बड़ा संदेश दिया है। इस हमले ने न केवल इजरायल की सुरक्षा व्यवस्था, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि ईरान की एक घातक मिसाइल इजरायल के अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ‘आयरन डोम’ को चकमा देकर सीधे लक्ष्य तक पहुंची। इस धमाके की गूंज तेल अवीव से लेकर वॉशिंगटन तक महसूस की गई है।
इससे कुछ ही घंटे पहले इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान के नतांज परमाणु संयंत्र को निशाना बनाया था। माना जा रहा है कि ईरान ने उसी कार्रवाई का जवाब देते हुए यह हमला किया है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में करीब 20 लोग घायल हुए हैं।
डिमोना न्यूक्लियर साइट पर सीधा निशाना
इजरायल के नेगेव रेगिस्तान में स्थित डिमोना परमाणु केंद्र देश के सबसे गुप्त और संवेदनशील ठिकानों में गिना जाता है। यरूशलेम से करीब 90 किलोमीटर दूर स्थित इस इलाके में जोरदार धमाके की खबर है। इजरायली मीडिया के अनुसार, ईरान की मिसाइल ने न्यूक्लियर प्लांट की एक इमारत को निशाना बनाया है। इस हमले को केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि इजरायल की सुरक्षा और अस्तित्व के लिए बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
आयरन डोम’ और ‘एरो’ सिस्टम पर सवाल
इजरायल का ‘आयरन डोम’ और ‘एरो’ सिस्टम दुनिया के सबसे उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम माने जाते हैं। ये सिस्टम दुश्मन की मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने की क्षमता रखते हैं और अब तक 90 प्रतिशत से अधिक सफलता दर का दावा किया जाता रहा है। हालांकि, इस हमले में ईरान की कथित ‘पिनपॉइंट’ और ‘इम्पैक्ट-फोकस्ड’ मिसाइल तकनीक ने इन सिस्टम्स को चुनौती दी है। दावा किया जा रहा है कि मिसाइल ने रडार को चकमा देते हुए सीधे लक्ष्य को भेदा।
क्या रेडिएशन का खतरा बढ़ा?
डिमोना जैसे परमाणु केंद्र पर हमला गंभीर चिंता का विषय है। यदि रिएक्टर को नुकसान पहुंचा है, तो रेडिएशन लीक होने का खतरा पैदा हो सकता है, जिसका असर इजरायल के साथ-साथ पड़ोसी देशों पर भी पड़ सकता है। अमेरिकी एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या इस हमले के बाद किसी प्रकार का परमाणु रिसाव हुआ है या नहीं।
हमले के पीछे बदले की कार्रवाई
ईरान ने साफ संकेत दिया है कि यह हमला उसके नतांज न्यूक्लियर प्लांट पर हुए हमले का जवाब है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ने की आशंका है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात नहीं संभले, तो यह संघर्ष व्यापक युद्ध का रूप ले सकता है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा।



