बांकेबिहारी मंदिर में हुए हादसे के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदारः अखिलेश यादव
वृंदावन। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को वृंदावन पहुंचे। उन्होंने यहां सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर और रंग मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की। इससे पहले वे जयपुर मंदिर पहंुचे। यहां उन्होंने दर्शन कर पूजा अर्चना की। आपको बता दें कि जयपुर मंदिर राजस्थान देवस्थान विभाग का है। लोगों के बीच चर्चा है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जयपुर मंदिर को लीज पर लेने वाले हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए सपा प्रमुख ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में हुए हादसे के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में भी जन्माष्टमी हुई है, तब ऐसे हादसे नहीं हुए। भाजपा सरकार में यह हादसा हुआ है, इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर की प्राचीनता को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य करने चाहिए।
कॉरिडोर पर कहा कि यहां के लोगों की राय से कॉरिडोर बनना चाहिए। सपा प्रमुख ने ब्रज में हो रहे विकास को विनाश बताया। कहा कि हमारी सरकार ने आम आदमी की सुविधा का ध्यान रखते हुए विकास कराए थे, लेकिन भाजपा लोगों को कष्ट देकर विकास कार्य करा रही है। भाजपा सरकार ने असंख्य लोगों बेरोजगार कर दिया है। पत्रकार वार्ता के बाद अखिलेश यादव ने रंगजी मंदिर के समीप मार्ग पर खड़े होकर आलू भल्ले का भी स्वाद लिया।



