भाईदूज से बदल जाएगी श्रीबांकेबिहारी की दिनचर्या, दर्शन के समय और भोग में भी बदलाव
वृंदावन। दीपावली के पावन पर्व के बाद अब ब्रज के आराध्य श्रीबांकेबिहारी मंदिर में शीतकालीन सेवा व्यवस्था शुरू होने जा रही है। जिस तरह घरों में सर्दियों के दिनों में बच्चों को रजाई में देर तक विश्राम कराया जाता है, ठीक उसी वात्सल्य भाव के साथ सेवायत गोस्वामी अपने लाडले लाला श्रीबांकेबिहारी की सेवा करते हैं। इसके तहत अब ठाकुरजी को एक घंटा अधिक विश्राम कराया जाएगा।
मंदिर के सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने जानकारी दी कि मौसम परिवर्तन के साथ ठाकुरजी की सेवा में बदलाव की प्राचीन परंपरा रही है। भाईदूज (11 नवंबर) से ठाकुरजी के दर्शन और दिनचर्या में यह बड़ा बदलाव लागू हो जाएगा।
दशर्न का नया समय (शीतकालीन व्यवस्था)
मौसम बदलने के कारण सुबह के दर्शन एक घंटे देर से शुरू होंगे, जबकि रात्रि में मंदिर के पट एक घंटे पहले बंद कर दिए जाएंगे।
प्रातः कालीन दर्शन: सुबह 8.45 से दोपहर 1.00 बजे तक (गर्मियों में यह समय सुबह 7.45 से दोपहर 12.00 बजे तक रहता है)
सायं कालीन दर्शन: शाम 4.30 से रात्रि 8.30 बजे तक (गर्मियों में यह समय शाम 5.30 से रात्रि 9.30 बजे तक रहता है)
भोग में केसर, मेवा और गर्म पकवानों की बढ़ेगी मिठास
ठाकुरजी के दर्शन के समय के साथ उनके भोग-प्रसाद में भी विशेष बदलाव किया गया है। सर्दियों के आगमन के साथ उनके खानपान में गर्माहट बढ़ाई जाएगी:
बालभोग: सुबह के बालभोग में केसरयुक्त हलवा और विशेष लड्डू अर्पित किए जाएंगे।
राजभोग: दूध-दही से बने तरल पदार्थों की मात्रा कुछ कम करके सूखे मेवे और गर्म तासीर वाले पकवानों की मात्रा बढ़ाई जाएगी।
रात्रि भोग: रात को विशेष रूप से केसर दूध का भोग लगाया जाएगा।
गर्म पोशाक और लाड़-दुलार की अनूठी परंपरा
ठंड से बचाव के लिए ठाकुरजी अब जरी की हल्की पोशाक के स्थान पर मोटे और गर्म कपड़ों से तैयार विशेष शीतकालीन वस्त्र धारण करेंगे। सेवायत हिमांशु गोस्वामी का कहना है कि यह बदलाव केवल समय में परिवर्तन नहीं है, बल्कि यह अपने आराध्य के प्रति उस वात्सल्य और लाड़-दुलार की अनूठी परंपरा का हिस्सा है, जिसमें श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी की बालपन की सेवा के तहत उन्हें घर के छोटे बालक की भांति लाड़-प्यार से सींचा और सँवारा जाता है।



