श्रीकृष्ण जन्माष्टमीः 75 साल के बाद इस बार बन रहे हैं द्वापरयुगीन 4 शुभ संयोग, प्राप्त होगा दोगुना फल
मथुरा। 75 साल के बाद इस बार भगवान श्रीकृष्ण के 5251 वें जन्मोत्सव पर सौभाग्य योग बन रहा है। इसमें चार ऐसे योग हैं जो कि द्वापरयुग में भगवान कृष्ण के जन्म के अवसर पर रहे थे।
मथुरा के ज्योतिषाचार्य पंडित अजय कुमार तैलंब ने बताया कि पंचांग के अनुसार यह भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव प्रति वर्ष भाद्रपद महीने में कृष्ण पक्ष की अष्ब्टमी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन जगत के पालनहार भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा की जाती है। साथ ही उनके निमित्त व्रत रखा जाता है। इस व्रत के पुण्य-प्रताप से साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही साधक को सभी प्रकार के भौतिक सुखों की प्राप्ति होती है।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्म भूमि मथुरा दिवाली से भी अधिक रोशन और आकर्षक होता है। मंदिरों,घाटों, तिराहे, चौराहें एवं मार्गों को भव्य तरीके से सजाया जाता है। साथ ही मंदिर में विशेष पूजा की जाती है। साधक भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर व्रत रख कृष्ण कन्हैया की भक्ति भाव से पूजा-अर्चना करते हैं। पंचांग के अनुसार इस बार जन्माष्टमी पर द्वापरकालीन शुभ संयोग बन रहा है। इन योग में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने से साधक या व्रती को दोगुना फल प्राप्त होगा।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार, भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 26 अगस्त को देर रात 3 बजकर 39 मिनट पर शुरू होगी। इस तिथि का समापन 27 अगस्त को देर रात 2 बजकर 19 पर होगा। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा के लिए शुभ समय 27 अगस्त को देर रात 12 बजकर 1 मिनट से लेकर 12 बजकर 45 मिनट तक है। इस समय में साधक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर सकते हैं।
द्वापरयुगीन शुभ संयोग
सावन माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर कृतिका नक्षत्र का संयोग दोपहर 03 बजकर 56 मिनट से हो रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण के समय रोहिणी नक्षत्र का संयोग रहेगा। इस दिन चंद्रमा भी वृषभ राशि में रहेंगे। चंद्रमा का गोचर 25 अगस्त को रात 10 बजकर 19 मिनट पर वृषभ राशि में होगा। अतः मन के कारक चंद्र देव भी वृषभ राशि में रहेंगे। भगवान श्रीकृष्ण की लग्न राशि वृषभ है। इस शुभ अवसर पर हर्षण योग का निर्माण रात 10 बजकर 18 मिनट से हो रहा है। वहीं, सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग संध्याकाल 03 बजकर 55 मिनट से हो रहा है। इस योग का समापन 27 अगस्त को सुबह 05 बजकर 57 मिनट पर होगा। इसके अलावा, भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर शिववास योग का भी निर्माण हो रहा है। इस शुभ अवसर पर भगवान शिव कैलाश पर जगत की देवी मां गौरी के साथ विराजमान रहेंगे।
इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग तथा कृतिका नक्षत्र का उत्तम संयोग बना रहा है। इस नक्षत्र में कान्हा की पूजा करने से मनुष्य अपनी सभी मनोवांछित कामनाओं की पूर्ति कर सकता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा पूरे विधि-विधान और सभी सामग्रियों के साथ करनी चाहिए, तभी भगवान श्री कृष्ण प्रसन्न होते है।
अबके पंचांग के अनुसार सुबह
सूर्याेदय - सुबह 05 बजकर 26 मिनट पर
सूर्यास्त - शाम 06 बजकर 49 मिनट पर
चन्द्रोदय- देर रात 11 बजकर 20 मिनट पर
चंद्रास्त- दोपहर 12 बजकर 58 मिनट पर
ब्रह्म मुहूर्त - सुबह 04 बजकर 27 मिनट से 05 बजकर 12 मिनट तक
विजय मुहूर्त - दोपहर 02 बजकर 31 मिनट से 03 बजकर 23 मिनट तक
गोधूलि मुहूर्त - शाम 06 बजकर 49 मिनट से 07 बजकर 11 मिनट तक
निशित मुहूर्त - रात्रि 12 बजकर 01 मिनट से 12 बजकर 45 मिनट तक
पूजन विधि
जन्माष्टमी की पूजा के लिए आपको केले के पत्ते पर विराजमान श्री कृष्ण की तस्वीर लेनी चाहिए। पूजा के लिए गुलाब, गेहूं, चावल, लाल कमल के फूल और भगवान के लिए सुंदर वस्त्र एवं आभूषणों की भी व्यवस्था करनी चाहिए। सर्वप्रथम मंदिर में सफेद कपड़ा या लाल कपड़ा बिछाएं, उस पर भगवान श्री कृष्ण को स्थापित करें।
भगवान के सामने एक कलश रखें तथा उसके ऊपर एक घी का दीपक जलाएं. धूप बत्ती अगरबत्ती और कपूर भी जलाएं। भगवान को चंदन, केसर, कुमकुम आदि का तिलक करें। उनके ऊपर अक्षत यानी साबुत चावल अर्पित करें। अबीर, गुलाल, हल्दी आदि चढ़ाएं। उन्हें सुंदर आभूषण पहनाएं, पान के पत्ते पर सुपारी रखकर उनके सामने अर्पित करें। पुष्पमाला भेंट करें और तुलसी की माला भी धारण कराएं।
भोग में क्या करें शामिल ?
लड्डू गोपाल के भोग में दूध, दही, देसी घी, गंगाजल, मिश्री, शहद, पंचमेवा और तुलसी को जरूर शामिल करें. इसके अलावा उन्हें मिठाई, फल, लॉन्ग, इलायची, झूला सिंहासन पंचामृत भेंट करें।
भगवान श्री कृष्ण का श्रृंगार
जन्माष्टमी के पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण को श्रृंगार स्वरूप मोर पंख से बने वस्त्र पहनाएं. लड्डू गोपाल को मोर मुकुट बेहद प्रिय है, इसलिए उस दिन उन्हें मोर मुकुट जरूर पहनाना चाहिए जिससे वह बेहद प्रसन्न होते हैं. उसके बाद उन्हें पाजेब पहनाएं। हाथों में कंगन, कमर में कमरबंद बांधें, उनके हाथ में बांसुरी रखें और साथ ही भगवान श्री कृष्ण के श्रृंगार करते समय उन्हें कुंडल और तुलसी की माला अवश्य पहनाएं।



