कथित भागवत वक्ता अनिरुद्धाचार्य की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी को लेकर महिला आयोग सख्त, दिए कार्रवाई के निर्देश

  • Wednesday October 19 2022 - 10:25 AM
  •  

वृन्दावन। माता सीता और द्रोपदी समेत महिलाओं को लेकर अपमानजनक टिप्प्णी करने वाले वृंदावन के कथित भागवत वक्ता अनिरुद्धाचार्य की मुकिश्लें और बढने वाली है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी को सात दिन के अन्दर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने को कहा है। इस संबंध में राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक पत्र यूपी के डीजीपी को लिखा है। जिससे एक बार फिर भागवताचार्य का मामला गर्मा गया है। 

गौरतलब है कि मूल रूप से मध्‍यप्रदेश के दामोह निवासी व वृंदावन में रह रहे कथित भागवत वक्ता अनिरुद्धाचार्य द्वारा अपने प्रवचनों में माता सीता और द्रौपदी पर अपमानजनक शब्‍द कहे गए थे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।  जिसकी जानकारी मिलने पर महिला आयोग सख्‍त नाराज़ है। बताया जाता है कि अनिरुद्धाचार्य ने एक बार नहीं, बल्कि कई बार धर्म और संस्कृति के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी करके अपने बड़बोलेपन का परिचय दे चुके हैं। 

बताया जाता है कि सर्वप्रथम कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के कृत्य पर प्रख्‍यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने ध्‍यान दिया था और ट्विटर पर उसके वीडियो पोस्‍ट करके लोगों से भी संज्ञान लेने को कहा था। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य द्वारा हिंदू धर्म और महिलाओं पर की गईं विवादित टिप्‍पणियों को लेकर मथुरा-वृंदावन के भी तमाम लोग आहत हुए। वृंदावन के ही निवासी और भारतीय नमो संघ यूपी के अध्‍यक्ष उदयन शर्मा को भी तथाकथित कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ा जिसके परिणाम स्‍वरूप अब कथावाचक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की उम्मीद जगी है अन्‍यथा मथुरा पुलिस तो इस गंभीर मुद्दे को ठंडे बस्‍ते में डाल चुकी थी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का एक अन्‍य वीडियो भी संलग्न किया है जिसके अनुसार अनिरुद्धाचार्य महिलाओं के ऊपर यौन अपराध का आरोप लगाकर समाज को गलत संदेश दे रहे हैं। 

राष्‍ट्रीय महिला आयोग की अध्‍यक्ष रेखा शर्मा ने पुलिस महानिदेशक यूपी डी. एस. चौहान से अधिनियम 1990 की धारा 10(1)(1) के तहत प्रदत्त अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्‍त संदर्भ में स्वतरू संज्ञान लेकर उचित धाराओं में धारा कार्रवाई की संस्‍तुति की है। 

राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि वह कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के बयान की कड़ी निंदा करता है क्योंकि उनकी टिप्पणी अपमानजनक और महिलाओं की गरिमा का उल्लंघन है इसलिए कथावाचक के खिलाफ कानून के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के साथ भारतीय दंड संहिता के प्रावधान के तहत तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाये और प्राथमिकता के आधार पर गिरफ्तार किया जाये। इसके साथ साथ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर आयोग को भेजी जाये।