राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करते नीतीश कुमार
बिहार में नीतीश राज खत्म, 10वीं बार सीएम बने नीतीश ने त्यागपत्र देकर राज्यसभा के लिए किया नामांकन
- नीतीश सहित एनडीए के 5 उम्मीदवारों ने अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया
पटना। तीन माह पहले बिहार के 10वीं बार मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार त्यागपत्र देकर राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है। इसके साथ ही बिहार से दस के मुख्यमंत्री रहे नीतीश राज खत्म हो गया है। नीतीश सहित एनडीए के पांच उम्मीदवारों ने गुरुवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर अमित शाह भी विधानसभा परिसर में मौजूद रहे। नामांकन के दौरान गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और विधायक भी उपस्थित रहे।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने वालों में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। तीनों राष्ट्रीय अध्यक्षों का एक साथ राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करना बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक और अनोखा क्षण माना जा रहा है।
इसके अलावा जदयू की ओर से केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवेश कुमार ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन कार्यक्रम के दौरान अमित शाह के साथ जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह, मंत्री बिजेंद्र यादव और श्रवण कुमार सहित एनडीए के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। विधानसभा परिसर में गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 मार्च निर्धारित की गई है। यदि आवश्यकता पड़ी तो 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने 20 नवंबर 2025 गुरुवार को लगातार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। खास बात यह थी कि प्रधानमंत्री मोदी, जिन्होंने 2020 में शपथ ग्रहण में हिस्सा नहीं लिया था, इस बार समारोह में पहुंचे थे।
दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने के तीन माह के बाद बिहार के मुख्यमंत्री पद से त्यागप़त्र देकर नीतीश कुमार ने राज्यसभा का नामांकन कर दिया। इससे बिहार में पिछले दस बाद सीएम बनने वाले नेता ने अब बिहार छोड़ दिल्ली की ओर रूख किया है। अब बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा।
गांधी मैदान पहले भी 2005, 2010 और 2015 में नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण का साक्षी रह चुका है। यही वह स्थान है। जहां 1974 में जयप्रकाश नारायण ने ‘संपूर्ण क्रांति’ का आह्वान किया था, जिसका ऐतिहासिक महत्व आज भी कायम है।



