श्रीबांकेबिहारी मंदिर के मुख्य द्वार पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन, लगाये कॉरिडोर मुर्दाबाद के नारे

  • Saturday May 31 2025 - 04:28 PM
  •  

वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर एवं न्यास के गठन के विरोध में मंदिर के सेवायत गोस्वामी परिवार की महिलाओं भी आंदोलन करने को घरों से बाहर आईं हैं। मंदिर के मुख्य द्वार एक पर गोस्वामी परिवार की महिलाआंें ने कॉरिडोर मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए प्रदर्शन  किया और प्रदेश सरकार को कोसा। 

प्रदर्शन के दौरान श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गोस्वामी परिवार की रेनू गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा देने और नगर में व्याप्त, गंदगी, यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने में नाकाम है। लेकिन वह मंदिर के आसपास के घरों, प्रतिष्ठानों और प्राचीन कुंज गलियों को तोड़कर कॉरिडोर बनाना चाहती है। जिससे प्राचीन वृंदावन का स्वरूप नष्ट हो जाएगा साथ ही सैकड़ों ब्रजवासी अपने आराध्य बांकेबिहारी से दूर हो जाएंगे। शशि गोस्वामी ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन न्यास बनाकर मंदिर के परंपरागत सेवायत गोस्वामी का अधिकार छीनना चाहता है। उनकी नजर मंदिर में आने वाली दानराशि पर है। इस लिए वह न्यास का गठन कर  रहे हैं। गोस्वामी समाज कॉरिडोर और न्यास के गठन का पुरजोर विरोध करता है और  करता रहेगा। 

प्रदर्शन करने वाली गोस्वामी परिवार की महिलाओं में राधा गोस्वामी, सीमा गोस्वामी, सुमन गोस्वामी, आंचल गोस्वामी आदि मौजूद रही।