मथुरा में बड़ा ड्रग्स रैकेट उजागर: थाईलैंड से मंगाते थे 'ओडोरलेस' विदेशी ड्रग 'ओजी', युवती समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

  • Friday June 05 2026 - 04:29 PM
  •  

  • बिना गंध वाले नशे के जाल में फंस रहे कॉलेज छात्र 
  • 1 ग्राम की कीमत 30 हजार रुपये, मास्टरमाइंड नोएडा से फरार

मथुरा (चौमुहा)। उत्तर प्रदेश की मथुरा पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना जैत पुलिस ने एक युवती सहित तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 60 ग्राम विदेशी ड्रग 'ओजी' (ओसियन ग्रीन टीएचसी) बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

रात में गश्त के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी

सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात थानाध्यक्ष जैत सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान एनएच-19 से जैत सुनरख रोड पर दो युवक और एक युवती संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली, तो युवती की जेब से एक पारदर्शी पॉलीथिन में 60 ग्राम नशीला पदार्थ 'ओजी' बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रिया शर्मा (22 वर्ष) मूल निवासी अखनूर (जम्मू), हाल पता- राधा वैली, मथुरा। (नशीला पदार्थ इसी के पास से मिला), बलराम दत्ता (23 वर्ष)  निवासी गिरराज अपार्टमेंट, चैतन्य विहार, मथुरा, आदीश (26 वर्ष) निवासी सदर बाजार, मथुरा।

थाईलैंड से कनेक्शन: 1 ग्राम के पैकेट की कीमत 30,000 तक

पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। यह गिरोह सीधे थाईलैंड से 'ओजी' ड्रग्स की तस्करी करवाता था। इसके बाद मथुरा और आसपास के इलाकों में कॉलेज छात्रों और रईस युवाओं को निशाना बनाया जाता था। आरोपी इस ड्रग्स के 1-1 ग्राम के छोटे पैकेट बनाकर 25,000 से 30,000 रुपये तक में बेचते थे।

बिना गंध (Odourless) होने का फायदा उठाते थे आरोपी

इस 'ओजी' (ओसियन ग्रीन टीएचसी) नशे की सबसे खतरनाक बात यह है कि इसमें कोई गंध (smell) नहीं होती। यही वजह है कि कॉलेज छात्र आसानी से इसका शिकार हो रहे थे और उनके पेरेंट्स या टीचर्स को इसकी भनक तक नहीं लग पाती थी।

नोएडा में बैठकर मास्टरमाइंड चला रहा था नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड शैलेन्द्र शर्मा है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है। वह नोएडा में छिपकर अपना यह अवैध नेटवर्क ऑपरेट कर रहा है। वहीं, शैलेन्द्र का भाई इस समय थाईलैंड में मौजूद है, जो वहां से ड्रग्स की खेप भारत भेजता था। पकड़े जाने से बचने के लिए यह गिरोह मथुरा की पॉश कॉलोनियों में लगातार अपने फ्लैट बदलता रहता था, ताकि किसी को शक न हो।

NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज, तलाश जारी

थाना जैत पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड शैलेन्द्र शर्मा और नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय पैडलर्स की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।