वृंदावन पहुंचे अभिनेता गोविंदा: बांके बिहारी के चरणों में टेका मत्था, संत प्रेमानंद महाराज से भी लिया आशीर्वाद

  • Monday April 27 2026 - 07:59 PM
  •  

वृंदावन। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा रविवार को धर्मनगरी वृंदावन पहुंचे। यहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन कर ठाकुरजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। गोविंदा की एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

विधि-विधान से किया पूजन

श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुँचने पर मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने गोविंदा का भव्य स्वागत किया। उन्होंने ठाकुरजी के सम्मुख विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। दर्शन के उपरांत सेवायत गोस्वामियों ने अभिनेता को प्रसादी माला पहनाई, पटुका ओढ़ाया और ठाकुरजी के प्रसाद की डलिया भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

सेल्फी लेने की मची होड़

जैसे ही मंदिर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं को गोविंदा के आने की सूचना मिली, वहां उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने की होड़ मच गई। सुरक्षा घेरे के बावजूद प्रशंसक अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। गोविंदा ने भी हाथ जोड़कर सभी प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया।

संत प्रेमानंद महाराज के दरबार में लगाई हाजिरी

श्रीबांकेबिहारी मंदिर जाने से पूर्व गोविंदा संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। बताया जा रहा है कि गोविंदा आध्यात्मिक शांति और व्यक्तिगत भक्ति भाव के चलते वृंदावन यात्रा पर आए थे।