केला के तने और मोगरा की कलियों के अनूठे बंगले में विराजे ठाकुर राधारमण लाल, उमड़ा भक्ति का सैलाब
वृंदावन। ठाकुर राधारमण मंदिर में इन दिनों चल रहे ग्रीष्मकालीन सेवा प्रेम महोत्सव और पावन पुरुषोत्तम मास के अद्भुत संयोग से सतरंगी छटा बिखरी हुई है। आराध्य श्री राधारमण लाल जी को नित्य नवीन सुख प्रदान करने के लिए सेवायत गोस्वामियों द्वारा विशेष रूप से अलौकिक झांकियां सजाई जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को ठाकुरजी ने भक्तों को केला के तने और मोगरा की कलियों से बने भव्य व सुगंधित बंगले में विराजमान होकर दिव्य दर्शन दिए, जिसे देख भक्त भाव-विभोर हो उठे।
गर्मी से बचाव के लिए विशेष 'शीतल सेवा'
भीषण गर्मी के इस मौसम में ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करने के विशेष जतन किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में खस की टटिया लगाई गई है, जिससे छनकर आती भीनी-भीनी सुगंध और शीतल जल की फुहारों के बीच जब ठाकुरजी विराजमान होते हैं, तो पूरा प्रांगण जयकारों से गूंज उठता है। इसके साथ ही लाडले लाल को विशेष रूप से ठंडाई, शीतल पेय पदार्थ और मौसमी फलों के रसों का नियमित भोग अर्पित किया जा रहा है।
भगवान श्रीहरि की अनंत कृपा का प्रतीक है पुरुषोत्तम मास
मंदिर के सेवायत आचार्य पद्मनाभ गोस्वामी ने इस पावन मास की महिमा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सनातन धर्म की दिव्य परंपराओं में पुरुषोत्तम मास का विशेष महत्व है। यह केवल एक अतिरिक्त कालखंड नहीं, बल्कि भगवान श्रीहरि की अनंत कृपा का प्रतीक है। जब इस मास का कोई स्वामी नहीं था, तब स्वयं भगवान श्रीहरि ने इसे अपना 'पुरुषोत्तम' नाम देकर सभी मासों में सर्वप्रिय बना दिया। वहीं, सेवायत आचार्य चंदन गोस्वामी ने कहा कि जब-जब समय के गणना चक्र में असंतुलन पैदा होता है, तब यह पवित्र मास प्रकट होकर भक्तों के हृदय में आध्यात्मिक ऊर्जा का विस्तार करता है। वैश्विक सुख-शांति की कामना के साथ सुबह से ही देश-विदेश के श्रद्धालु अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखाई दे रहे हैं।
भजनों की रसगंगा में डूबे श्रद्धालु
शाम के समय मंदिर परिसर में भक्ति का रंग और गहरा हो गया, जब प्रसिद्ध भजन गायिका मीनाक्षी गोस्वामी ने ठाकुरजी के श्रीचरणों में राग सेवा अर्पित की। उन्होंने *"राजत फूल कुंज पिय-प्यारी..." और "फूलन में विराजें प्यारे राधारमन..." जैसे दिव्य और भावपूर्ण भजनों की रसभीनी प्रस्तुति दी। इन भजनों को सुनकर मंदिर में उपस्थित जनसैलाब रससिक्त होकर झूम उठा।



