हिन्दू लड़की पूजा कुमारी ओद नाम की यह तस्वीर पाकिस्तानी पत्रकार नाइला इनायत के ट्विटर पेज से ली गई है।
हिन्दू लड़की को अगवा करने की कोशिश, नाकाम होने पर सरेआम कर दिया कत्ल
नई दिल्ली। पाकिस्तान में हिन्दू महिलाओं के साथ जबर्दस्ती करने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। कल पाकिस्तान से एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें अपहरण में नाकाम रहने पर अपराधियों ने हिन्दू लड़की का सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत में 18 वर्षीय एक हिंदू लड़की को अपहरण की कोशिश में नाकाम रहने पर गोली मार दी गई। सोमवार को मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गयी है। अखबार ‘द फ्राइडे टाइम्स’ ने अपनी खबर में बताया कि सिंध प्रांत के सुक्कुर के रोही में पूजा ओद नाम की हिन्दू लड़की का बीच सड़क पर कत्ल कर दिया गया है।
पूजा ओद ने जब अपहरण का विरोध किया तो अपहरणकर्ताओं ने सरेआम उसे बीच सड़क में गोली मार दी। पाकिस्तान में इस तरह की कोई नई घटना नहीं है। पाकिस्तान में हिन्दू लड़कियों पर जुल्मो सितम का सिलसिला लगातार चल रहा है।
अल्पसंख्यक महिलाओं का लगातार धर्म परिवर्तन
खबर में कहा गया कि प्रत्येक वर्ष अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित महिलाओं का, विशेष रूप से सिंध में अपहरण किया जाता है और धार्मिक चरमपंथी उनका जबरन धर्म परिवर्तन कराते हैं। पाकिस्तान के अल्पसंख्यक समुदाय लंबे समय से जबरन विवाह और धर्मांतरण का सामना कर रहा हैं। पाकिस्तानी पत्रकार नाइला इनायत ने पूजा कुमारी और उसके कातिल की तस्वीर को ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा है, पाकिस्तान नाम की इस पाक जमीन पर हर दिन हिंदू और ईसाई बेटियों का अपहरण किया जाता है, जबरन धर्म परिवर्तन करा उससे शादी की जाती है और पाकिस्तान इन सबको तमाशाबीन बनकर देखता रहता है। सिंध के सुक्कुर में अपहरण और धर्मांतरण का विरोध करने वाली 18 वर्षीय पूजा कुमारी ओद की वाहिद लशारी ने गोली मारकर हत्या कर दी।
2013 से 2019 तक 156 वारदातें
पाकिस्तान में पीपुल्स कमीशन फॉर माइनोरिटी राइट के मुताबिक 2013 से 2019 के बीच 156 ऐसी वारदातें हुईं हैं जिनमें हिन्दू लड़कियों का जबरन धर्म परिवर्तन किया गया है। 2019 में सिंध प्रांत में जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून लाने की कोशिश की गई थी लेकिन कट्टरपंथियों के भारी दबाव के सामने इस बिल को वापस लाना पड़ा। इसी साल दो हिन्दू लड़की रीना और रवीना पूरे देश में चर्चा में आई थी जब उनके परिवार ने अपहरण की शिकायत की थी लेकिन दोनों बहनों ने हाई कोर्ट में कहा था कि उन्होंने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया। पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टेटिस्टिक्स के मुताबिक पाकिस्तान में 1.6 प्रतिशत हिन्दुओं की आबादी हैं। इनमें से 6.51 प्रतिशत हिन्दुओं की आबादी सिर्फ सिंध प्रांत में है।



