सांकेतिक फोटो
भारत में अब तक 32 ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले मिले, दुनिया के 59 देशों में पहुंचा नया वैरिएंट
नई दिल्ली। भारत में अब तक पांच राज्यों में ओमिक्रॉन वैरिएंट के कुल 32 मामले सामने आए हैं। इनमें से कोई भी मरीज गंभीर हालत में नहीं है। वहीं, दुनिया के 59 देशों में ये वायरस पहुंच चुका है, जबकि कुछ दिन पहले तक ये वन्य वैरिएंट सिर्फ 2 देशों में था। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी लव अग्रवाल ने भारत में ओमिक्रॉन के केस मिलने के मामले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक और दिल्ली में कुल 32 मामलों का पता चला है और सभी रोगियों में हल्के लक्षण पाए गए हैं।
यह देखते हुए कि 24 नवंबर तक केवल दो देशों ने ओमिक्रॉन के मामले दर्ज किए थे. अब 59 देशों ने कुल 2,936 ओमिक्रॉन मामले दर्ज किए हैं। इसके अलावा 78, 054 संभावित मामले हैं, जहां वैरिएंट की पहचान के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग चल रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा, "ओमिक्रॉन पर ध्यान देने के साथ भारत में कोविड पर नजर रखने के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जहां पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत से अधिक है, वहां जिला स्तर पर प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।"
देश में कोविड की स्थिति के बारे में, स्वास्थ्य मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी लव अग्रवाल ने कहा कि देश में कुल कोविड पॉजिटिविटी रेट 0.73 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के अनुसार, दो राज्यों झ्र केरल और महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय कोविड मामले हैं। केरल में 43 प्रतिशत से अधिक सक्रिय मामले हैं, जबकि महाराष्ट्र में 10 प्रतिशत से अधिक मामले हैं। कुल मिलाकर, भारत के 19 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 5 से 10 प्रतिशत के बीच है और 8 जिलों में 10 प्रतिशत से अधिक कोविड पॉजिटिविटी रेट है। मंत्रालय के अनुसार, देश में आधे से अधिक वयस्क आबादी को अब पूरी तरह से टीका लगाया जा चुका है। लगभग 53.5 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों खुराक दी जा चुकी है।



