अमित शाह की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया।
बड़ी खबर: शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री, अमित शाह ने कोलकाता में किया औपचारिक ऐलान
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चुन लिया है। कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं उनके नाम की औपचारिक घोषणा की।
विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला
शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा। मौजूद सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने हाथ उठाकर और मेजें थपथपाकर इस प्रस्ताव का जोरदार समर्थन किया। इसके बाद अमित शाह ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि शुभेंदु अधिकारी ही विधायक दल के नेता और राज्य के मुख्यमंत्री होंगे।
"डर खत्म, अब भरोसे का बंगाल": शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित होने के बाद विधायकों और समर्थकों को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा "बंगाल में अब डर का माहौल पूरी तरह खत्म हो गया है। जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, अब 'भरोसे' का युग शुरू होगा। हमारी सरकार घोषणापत्र के हर वादे को पूरा करेगी और केंद्र के साथ मिलकर राज्य के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।"
"घुसपैठ के लिए बंगाल अब अभेद्य किला" : अमित शाह
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार का मुख्य एजेंडा सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन होगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार पश्चिम बंगाल और असम को एक अभेद्य किला बना देगी, जिससे घुसपैठियों का राज्य में प्रवेश करना अब नामुमकिन होगा।
9 मई को शपथ ग्रहण समारोह
भाजपा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण 9 मई 2026 को (रवींद्र जयंती के पावन अवसर पर) कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर जैसी चुनौतीपूर्ण सीट पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को 15 हजार वोटों से हराकर अपनी दावेदारी को मजबूती से पेश किया था।
राजनीतिक कद और सफर
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे। कभी तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे शुभेंदु ने नंदीग्राम आंदोलन से अपनी पहचान बनाई थी और अब वे राज्य की बागडोर संभालकर 'सोनार बांग्ला' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।



