वृन्दावन की गली-गली में हुई झांझ-मजीरों की ध्वनियों के मध्य नृसिंह लीला
वृन्दावन। नृसिंह जयंती पर अठखंभा क्षेत्र सहित नगर के कई क्षेत्रों में भगवान नृसिंह के स्वरूपों ने विराट स्वरुप में नगर भ्रमण कर भक्तों को दर्शन दिए। भक्तोें ने आराध्य देव के दर्शन के साथ ही प्रभु भक्त झांझ, मंजीरा की सुमधुर ध्वनियों पर मदमस्त होकर झूमे। प्रभु दर्शन और भक्ति आराधना का यह सिलसिला सुबह से देर सायं तक जारी रहा। नगर के नृसिह मन्दिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।
वृन्दावन के अठखंभा क्षेत्र स्थित प्राचीन नृसिंह मन्दिर में प्रातः पुजारी द्वारा भगवान नृसिंह देव का अभिषेक किया गया। आचार्य विजय किशोर मिश्र ने पूजन अर्चन कराया। इसके पश्चात भव्य श्रृंगार में भक्तों को दर्शन दिए। शाहजी मन्दिर के निकट, छीपी गली, केशीघाट क्षेत्र, गोपीनाथ बाग स्थित भगवान र्नृंसह मन्दिरों में पूजा अर्चना की गई। प्रभु दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इसके पश्चात अठखंभा चौराहा पर नृसिंह लीला का आयोजन किया गया। प्रभु की इस लीला को देखने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। प्रभु के कई प्राचीन स्थानों से पारंपरिक रूप से घर-घर भगवान के नृसिंह अवतार ने भक्तों को दर्शन दिए।
प्राचीन परंपरा के अनुसार नृसिंह चौदस पर सुबह से ही मन्दिरों के पुजारियों ने व्रत रखकर उनके मुखौटे और उनके गणों का पूजा अर्चन किया। शाम को मन्दिरों से साधकों द्वारा भगवान नृसिंह के रूप में अठखंभा, शाहजी मन्दिर, बनखंडी, लोईबाजार, छीपीगली, प्रताप बाजार, एवं केशीघाट पर लीला का आयोजन किया गया। बच्चों में उनके दर्शन और उनका विशेष प्रकार का नृत्य देखने की अजब उत्सुकता देखने को मिली। प्रभु की इस अनौखी लीला को देख भक्त भावविभोर हो गए और उनके मुख से बरबस निकल पड़ा छिछिर की छम-छम। खंब फटने के बाद प्रभु के प्रकट होते ही भक्तों ने नृसिंह भगवान और उनके भक्त प्रहलाद की जयकारे लगाए। उनके रूप की पूजा कर भोग लगाया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत पुष्पवर्षा करके, आरती उतार कर और प्रसाद लगाने के साथ किया। भगवान नृसिंह की लीला का यह क्रम नगर में विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक जारी रहा।



