लालकिला छावनी में तब्दील, एसपीजी ने संभाली आंतरिक सुरक्षा की कमान,सुरक्षा में 25 हजार जवान तैनात
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी खतरे के खुफिया अलर्ट को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संदिग्धों की पहचान के लिए जहां फेस रिकॉग्निशन कैमरे लगाए गए हैं, वहीं लालकिला समेत आसपास के भवनों की छतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं। राजधानी की सुरक्षा में 25 हजार जवान लगाए गए हैं। खासकर, लालकिला और आसपास का इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, लालकिला की सुरक्षा को अभेद्य बनाने की कोशिश की गई है। यहां चेहरा पहचानने वाले कैमरे लगाए गए हैं। किसी संदिग्ध अथवा आतंकी का चेहरा कैमरे में कैद होते ही वह अलर्ट भेजेगा। इसके लिए सभी संदिग्धों का डाटा फेस रिकॉग्निशन सिस्टम में डाला गया है। अलर्ट मिलते ही सुरक्षाकर्मी संदिग्ध को अपने घेरे में ले लेंगे और उसकी जांच करेंगे। डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीम भी प्रत्येक कुछ घंटे पर इलाके की जांच-पड़ताल कर रही हैं। इसके साथ ही आकाश मार्ग से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
एसपीजी ने संभाली आंतरिक सुरक्षा की कमान
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए उनकी सुरक्षा में तैनात रहने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने लालकिला की आतंरिक सुरक्षा की कमान संभाल ली है। सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए एनएसजी के कमांडो और अर्धसैनिक बल की टीम भी तैनात कर दी गई है।
सात हजार मेहमान करेंगे शिरकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबाोधित करेंगे। पुलिस के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में लगभग सात हजार मेहमान शिरकत करेंगे। स्मारक के आसपास दस हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
इन वस्तुओं की मनाही
लाल किला परिसर में खाना, पानी की बोतलें, रिमोट से नियंत्रित कार की चाबियां, धूम्रपान का लाइटर, बक्से, हैंडबैग, कैमरा, दूरबीन, छाता आदि।



