ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में बदला दर्शन का समय, श्रद्धालुओं को होंगे ढ़ाई घंटे अधिक दर्शन

  • Tuesday September 30 2025 - 12:06 PM
  •  

वृंदावन। ठाकुर बांके बिहारी महाराज के भक्तों के लिए बड़ी खबर है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाईपावर मैनेजमेंट कमेटी ने मंदिर के दर्शन का समय बदलने का फैसला लिया है। अब श्रद्धालु सुबह और शाम दोनों समय अधिक समय तक ठाकुर जी के दर्शन कर पाएंगे। नया समय 30 सितंबर 2025, मंगलवार (आज) से लागू हो गया है।

नया दर्शन समय (गर्मी व शीतकाल)

गर्मी का समय

सुबह पट खुलने का समय – 7:00 बजे (पहले 7:45 बजे)

दोपहर बंद होने का समय – 12:30 बजे (पहले 12:00 बजे)

शाम पट खुलने का समय – 4:15 बजे (पहले 5:30 बजे)

रात बंद होने का समय – 9:30 बजे (पहले 9:00 बजे)

शीतकालीन समय

सुबह पट खुलने का समय – 8:00 बजे (पहले 8:45 बजे)

दोपहर बंद होने का समय – 1:30 बजे (पहले 1:00 बजे)

शाम पट खुलने का समय – 4:00 बजे (पहले 4:30 बजे)

रात बंद होने का समय – 9:00 बजे (पहले 8:30 बजे)

इस बदलाव से प्रतिदिन श्रद्धालुओं को करीब ढाई घंटे का अतिरिक्त समय ठाकुर जी के दर्शन के लिए मिलेगा।

हाईपावर मैनेजमेंट कमेटी की बैठक

सोमवार शाम वृंदावन स्थित शहीद लक्ष्मण सिंह स्मारक भवन में कमेटी की बैठक आयोजित की गई। करीब तीन घंटे चली इस बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक कुमार ने की।

बैठक के मुख्य बिंदु:

VIP दर्शन नियम – अब केवल प्रोटोकॉल वाले वीआईपी को ही विशेष दर्शन की सुविधा मिलेगी।

पर्ची सिस्टम खत्म – पूर्व में लागू पर्ची सिस्टम का दुरुपयोग होने की शिकायत मिली थी, जिस पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई।

कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था – दीपावली तक भक्तों को लाइन में खड़े होकर दर्शन कराने की व्यवस्था लागू रहेगी।

निर्माण कार्य की जांच – मंदिर परिसर के अधूरे कार्य की जांच 15 दिनों में की जाएगी।

IIT रुड़की द्वारा सर्वे – मंदिर का आंतरिक सर्वे करवाने के लिए आईआईटी रुड़की को जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट अगली बैठक (13 अक्टूबर) में प्रस्तुत की जाएगी।

बिजली गुल होने पर मोबाइल की रोशनी में चली बैठक

बैठक के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। करीब आठ मिनट तक कमेटी के सदस्य मोबाइल की रोशनी में ही चर्चा करते रहे। इस पर कमेटी अध्यक्ष ने नाराजगी जताई और कहा कि यमुना बाढ़ के बाद बिजली विभाग और नगर निगम की कार्यशैली उजागर हो चुकी है। मंदिर क्षेत्र जैसे धार्मिक स्थलों पर बिजली कटौती बिल्कुल उचित नहीं है।

मंदिर और श्रद्धालुओं पर असर

बांके बिहारी मंदिर उत्तर भारत का प्रमुख धर्म स्थल है, जहां रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। त्योहारों और विशेष अवसरों पर यह संख्या लाखों तक पहुंच जाती है। दर्शन समय बढ़ने से भक्तों को लंबी कतार और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी।दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक अवसर मिलेगा।सेवायत और प्रबंधन दोनों को बेहतर तरीके से व्यवस्था संभालने में सुविधा होगी।

कमेटी का स्पष्ट संदेश

कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि कुछ लोग इस फैसले को लेकर अनावश्यक विवाद कर रहे हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट द्वारा कमेटी को स्पष्ट अधिकार दिए गए हैं। हमारा उद्देश्य मंदिर प्रबंधन को व्यवस्थित करना और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाना है।

बांकेबिहारी के दर्शन का समय बढ़ाने लेकर गोस्वामी व भक्तों ने जताई थी आपत्ति

11 सितंबर को हुई श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाईपावन प्रबंध कमेटी की बैठक में दर्शन के समय बढ़ाने का निर्णय लिया गयाा था। इसे लेकर मंदिर के सेवायत गौरव गोस्वामी और मथुरा के भक्तज संजय एवं दीपक शर्मा ने आपत्ति जताई थी। मंदिर के सेवायत गौरव गोस्वामी ने अपने वकील के जरिए नोटिस जारी कराया था। वहीं संजय हरियाणा एवं दीपक शर्मा ने इसे लेकर मथुरा न्यायालय में वाद दायर किया था, जिस पर न्यायालय ने निर्णय सुरक्षित कर लिया था।