वृंदावन में आज से आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक, जुटेंगे केंद्रीय पदाधिकारी

  • Sunday January 04 2026 - 10:16 AM
  •  

सात दिन चलेगी बैठक, सर संघ चालक मोहन भागवत करेंगे अध्यक्षता

वृंदावन। चैतन्य विहार स्थित केशवधाम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की सात दिवसीय बैठक रविवार से प्रारंभ हो रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत करेंगे। बैठक में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित 38 केंद्रीय पदाधिकारी भाग लेंगे। इसके अलावा विभिन्न प्रांतों से क्षेत्र प्रचारक एवं अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे।

बैठक को लेकर केशवधाम परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केशवधाम के व्यवस्थापक प्रमुख ललित कुमार के निर्देशन में संघ प्रमुख एवं देशभर से आने वाले केंद्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के ठहरने, बैठक व्यवस्था और नगर भ्रमण की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

ठहराव और व्यवस्थाओं को दिया गया अंतिम रूप

केशवधाम के केंद्रीय कक्ष को संघ प्रमुख के लिए विशेष रूप से सजाया और तैयार किया जा रहा है। परिसर में बने बहुमंजिला गेस्टहाउस में केंद्रीय पदाधिकारियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन सुबह पांच बजे शाखा के आयोजन के लिए पार्क को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। पार्क में विभिन्न देशी-विदेशी प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके तहत दिल्ली और गजरौला से 10 फीट ऊंचे पाम के पेड़ मंगवाए गए हैं।

मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

केशवधाम मार्ग को लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम द्वारा व्यवस्थित किया जा रहा है। सड़क के डिवाइडरों पर पौधरोपण के साथ-साथ आकर्षक रंगों से कलाकृतियां बनाई जा रही हैं। संघ प्रमुख की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। केशवधाम के मुख्य द्वार के अंदर और बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

गौसेवा का संदेश देगा प्रतीकात्मक संदेश

संघ प्रमुख के कक्ष के सामने भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और गाय की मूर्ति स्थापित की जा रही है, जिसमें गौचारण लीला का जीवंत चित्रण होगा। इन मूर्तियों के माध्यम से संघ घर-घर गाय की रोटी निकालने का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा। इसके लिए संघ ने ध्येय वाक्य निर्धारित किया है- “गाय की रोटी, गाय का चारा - सबसे बड़ा गोधन हमारा।” संघ की इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर वृंदावन में संगठनात्मक गतिविधियों में विशेष हलचल और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।