कथा वाचक देवकीनंदन महाराज
बीसीसीआई ने सनातनियों की भावना का किया सम्मान: देवकीनंदन महाराज
- केकेआर से बांग्लादेशी क्रिकेटर को बाहर करने पर जताया आभार
वृंदावन। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बांग्लादेशी क्रिकेटर को शामिल किए जाने के विरोध में चल रही मुहिम के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने के निर्देश दिए जाने पर कथा वाचक देवकीनंदन महाराज ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने करोड़ों सनातनियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सही निर्णय लिया है।
उन्होंने ने कहा कि यह निर्णय केवल खेल से जुड़ा नहीं है, बल्कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के प्रति एक सशक्त संदेश भी है। उन्होंने बीसीसीआई को धन्यवाद देते हुए कहा कि सनातन समाज की पीड़ा को समझते हुए यह कदम उठाया गया। उन्होंने केकेआर टीम प्रबंधन और टीम मालिक अभिनेता शाहरुख खान के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि केकेआर के पास मौका था कि वह स्वयं आगे बढ़कर खिलाड़ी को टीम से बाहर कर पीड़ित हिंदुओं के साथ खड़ा होता, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर आक्रोश
देवकीनंदन महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में एक हिंदू युवक की हत्या कर उसे जलाए जाने की घटना सहित, महिलाओं और बच्चियों के साथ हिंसा की खबरें समाज को झकझोरने वाली हैं। ऐसे वातावरण में किसी बांग्लादेशी खिलाड़ी को करोड़ों रुपये की बोली लगाकर आईपीएल टीम में शामिल करना संवेदनशीलता की कमी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह विरोध किसी खिलाड़ी विशेष के खिलाफ नहीं है। पहले भी बांग्लादेशी खिलाड़ी भारत में खेलते रहे हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में यह आवश्यक था कि हिंदू समाज के प्रति हो रहे अत्याचारों के विरोध में एक स्पष्ट रुख अपनाया जाए।
देशव्यापी समर्थन मिला मुहिम को
बीते सप्ताह मुंबई में कथा के दौरान देवकीनंदन महाराज ने इस मुद्दे को उठाते हुए आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी के शामिल होने के खिलाफ मुहिम शुरू की थी। इसके बाद देशभर के सनातनी संगठनों और हिंदूवादी संगठनों ने इस अभियान का समर्थन किया और मैच व खिलाड़ी के बहिष्कार की घोषणा की थी।
शनिवार को बैंगलोर में कथा से पूर्व बीसीसीआई के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए देवकीनंदन महाराज ने कहा कि बांग्लादेश सरकार अपने देश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने में विफल रही है। ऐसे में भारत को कड़ा और स्पष्ट संदेश देना जरूरी था। उन्होंने दोहराया कि यह निर्णय खेल से अधिक मानवता, संवेदना और सनातन मूल्यों से जुड़ा हुआ है।



