वृंदावन: ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर
वृंदावन: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पंच कलश पूजन, जलाएंगी चांदी का दीपक
वृंदावन (मथुरा)। ब्रजभूमि में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम 25 सितंबर को दिखाई देगा, जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में विशेष दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति न केवल ठाकुरजी के दर्शन करेंगी बल्कि पंच कलश पूजन, चांदी का दीपक जलाने और इत्र सेवा जैसी परंपराओं में भी शामिल होंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू का वृंदावन दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली से विशेष ट्रेन के माध्यम से छटीकरा वृंदावन रोड स्टेशन पर पहुंचेंगी। स्टेशन से कार द्वारा मंदिर तक मार्ग का निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। इस मौके पर मंदिर और आस-पास के क्षेत्र में पूरी तरह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति का ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में आगमन सुबह 10:40 बजे से 11:10 बजे के बीच रहेगा। मंदिर में वह ठाकुरजी के दर्शन के साथ विशेष पूजा-अर्चना करेंगी।
पंच कलश पूजन और इत्र सेवा
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवाधिकारी गौरव गोस्वामी और डॉ. फ्रैंकी गोस्वामी ने बताया कि राष्ट्रपति चंदन कोठरी के बाहर छोटी देहरी पर पंच कलश पूजन करेंगी। इसके साथ ही वह ठाकुरजी की इत्र सेवा भी करेंगी। इस सेवा के लिए कन्नौज से गुलाब और खस का विशेष इत्र मंगाया गया है। पूजन के दौरान कुंजबिहारी अष्टक पाठ और वैदिक मंत्रोच्चारण का आयोजन भी होगा। इसके बाद ठाकुरजी को विशेष भोग और प्रसादी अर्पित की जाएगी।
चांदी का दीपक और विशेष श्रृंगार
राष्ट्रपति पूजा के दौरान चांदी का दीपक जलाएंगी, जो मंदिर की परंपरा का हिस्सा है। इसके अलावा ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार और सतरंगी जरी की पोशाक धारण कराई जाएगी। यह पोशाक दिल्ली से विशेष रूप से तैयार होकर लाई गई है। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवाधिकारी डॉ. फ्रैंकी गोस्वामी ने बताया कि यह ठाकुरजी की कृपा है कि देश के प्रथम नागरिक को दर्शन और पूजा कराने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
राष्ट्रपति को भेंट और प्रसादी
पूजन के बाद राष्ट्रपति को ठाकुरजी की छवि, छप्पन भोग, इकलाई अंगवस्त्र और मुरली भेंट की जाएगी। इसके अलावा मंदिर के सेवायत परिवार राष्ट्रपति को ठाकुरजी की प्रसादी भी प्रदान करेंगे।
सुरक्षा और तैयारी
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मंदिर और आसपास के सभी मार्गों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था मानक के अनुसार पूरी तरह तैयार है और राष्ट्रपति के दौरे के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।



