श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन ने जारी की एडवाइजरी, वृंदावन आने से पहले जानें ये अहम बातें

  • Saturday July 26 2025 - 02:01 AM
  •  

वृंदावन। श्री बांके बिहारी मंदिर सहित ब्रज के सभी मंदिर एवं देवालयों में हरियाली तीज 27 जुलाई को मनाई रही है। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सोने-चांदी से बने विशाल झूला  में विराजमान होकर श्री बांके बिहारी महाराज भक्तों को दर्शन देंगे। वर्ष में एक बार होने वाले विशेष दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु वृंदावन आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के दृष्टिगत बांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन ने एडवाइजरी जारी की है। वृंदावन एवं बांकेबिहारी मंदिर आने से पहले मंदिर द्वारा जारी एडवाइजरी को जरूर जान लें।

ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधक प्रशासन ने बताया कि 24 जुलाई 2025 हरियाली अमावस्या से 27 जुलाई रविवार को हरियाली तीज मेला तक मंदिर परिसर एवं गलियों सहित समूचे वृंदावन में भारी भीड़ ‌के दबाव को देखते गाइड लाइन जारी की है। श्री बांके बिहारी महाराज के दर्शन के लिए मंदिर आते समय इन बातों का विशेष ध्यान रखें।

मंदिर प्रंबधन ने कहा कि देश के विभिन्न शहरों से आने वाले भक्तजन वृंदावन आने से भीड़ का आंकलन करने के बाद ही आए। यदि भीड़ अधिक है तो भीड़ का हिस्सा न बनें। हरियाली अमावस्या एवं हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, श्री कृष्ण जन्माष्टमी आदि मुख्य त्योहारों पर भी बहुत अत्यधिक भीड़ रहती है। इसलिए भीड होने पर यहां आने का कार्यक्रम आगामी दिनों में बनाएं, जब भीड़ ना हो। श्रृद्धालु प्रमुख त्यौहारों, शनिवार, रविवार एवं राजकीय अवकाश वाले दिनों में भीड़ का आंकलन करने के बाद ही वृंदावन आएं।

मंदिर प्रबंधक मुनीश कुमार शर्मा ने कहा कि भीड़ के समय वृद्ध, दिव्यांगजन, छोटे बच्चों एवं बीमार व्यक्तियों व श्वास संबंधी रोगी मंदिर ना आए। खाली पेट ना आए। दर्शनार्थी मंदिर प्रबंधन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा बनाए गए वन वे रूट चार्ट एवं नियमों का पालन करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लगातार की जा रही सूचना को ध्यान पूर्वक सुने एवं उसका पालन करें। मंदिर आते समय श्रद्धालु कीमती सामान व आभूषण अधिक नकदी अपने साथ न लाएं। सभी श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश निकास के लिए निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्ग का ही प्रयोग करें। वन वे के अनुसार दर्शन कर शीघ्र अपने गंतव्य को प्रस्थान करें जिससे पीछे अन्य दर्शनार्थियों को दर्शन हो सके। मंदिर में अनावश्यक रूप से खड़े ना रहें।

मंदिर परिसर के पास जूता चप्पल रखने की कोई व्यवस्था नहीं है। मंदिर में जूता-चप्पल पहनकर न आए। जूता चप्पल रखने की व्यवस्था विद्यापीठ चौराहा, गौतम पाड़ा, जुगल घाट, जादौन कार पार्किंग, हरि निकुंज चौराहा पर बनाए गए जूता घर में की गई है, इस लिए जूता चप्पल, निर्धारित जूता घर में उतारे अथवा होटल, गाड़ी में उतार कर आए अथवा नंगे पाँव आए। असुविधा से बचे।

जेबकतरों, चौनकतरों व मोबाइल चोरों से सतर्क रहें। वृद्धों व बच्चों की जेब में नाम पता व फोन नंबर लिखकर रखें। ताकि किसी भी परिजन के बिछड़ने पर आपको सूचित किया जा सके। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा वस्तु की सूचना अपने पास खड़े सुरक्षा कर्मचारी अथवा पुलिस कर्मचारी को अवश्य दें।