नेपाल में सुशीला कार्की बनीं पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री
नेपाल संकट: सुशीला कार्की बनीं पहली महिला प्रधानमंत्री, संसद भंग होने के बाद शपथ ग्रहण
काठमांडू। नेपाल में जारी राजनीतिक संकट और हिंसक प्रदर्शनों के बीच बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। देश की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को शुक्रवार को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। वह नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बनी हैं। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने राजधानी काठमांडू स्थित शीतल निवास में उन्हें शपथ दिलाई।
संसद भंग, अंतरिम सरकार का गठन
राष्ट्रपति पौडेल ने यह नियुक्ति संविधान की धारा 61 का हवाला देते हुए की। इस धारा के अनुसार राष्ट्रपति का प्रमुख कर्तव्य संविधान का पालन और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखना है। राष्ट्रपति ने यह नियुक्ति संविधान की धारा 61 के तहत की। संसद भंग होने के बाद हुई उच्च स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगी। इससे पहले शुक्रवार को शीतल निवास में करीब 5 घंटे चली उच्च स्तरीय बैठक में संसद को भंग करने और अंतरिम सरकार बनाने पर सहमति बनी। ‘जेन-जी आंदोलन’ के प्रतिनिधियों ने साफ कर दिया था कि संसद को भंग किए बिना वे नई सरकार को स्वीकार नहीं करेंगे। इसी दबाव के चलते राष्ट्रपति ने यह ऐतिहासिक निर्णय लिया।
कौन हैं सुशीला कार्की?
सुशीला कार्की का जन्म 7 जून 1952 को विराटनगर में हुआ था। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की। वकालत और कानूनी सुधारों से करियर की शुरुआत करने वाली कार्की नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकी हैं। सुप्रीम कोर्ट में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई ऐतिहासिक मामलों की सुनवाई की।
हिंसक प्रदर्शनों में 51 लोगों की मौत
नेपाल में पिछले हफ्ते शुरू हुए भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ प्रदर्शनों ने उग्र रूप ले लिया था। ‘जेन-जी आंदोलन’ के नाम से चल रहे इन प्रदर्शनों में अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक भारतीय नागरिक और तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। नेपाल पुलिस के अनुसार 1,700 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से लगभग 1,000 लोग उपचार के बाद घर लौट चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, राष्ट्रपति कार्यालय और कई सरकारी इमारतों में तोड़फोड़ और आगजनी की।
पीएम ओली का इस्तीफा
सोमवार को संसद भवन पर हुए हमले और पुलिस गोलीबारी में 19 लोगों की मौत के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बावजूद प्रदर्शनों का सिलसिला जारी रहा और प्रदर्शनकारियों ने कई नेताओं के घरों को भी निशाना बनाया। हालात काबू में लाने के लिए नेपाल पुलिस ने काठमांडू घाटी और अन्य जिलों में सख्त अभियान शुरू किया है। धीरे-धीरे उन थानों और चौकियों को फिर से चालू किया जा रहा है, जिनमें तोड़फोड़ की गई थी।
शपथ ग्रहण समारोह में रहे उपस्थित
शपथ ग्रहण समारोह में उपराष्ट्रपति रामसहाय यादव, काठमांडू के मेयर बालेन शाह, और मुख्य न्यायाधीश प्रकाश सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नए प्रधानमंत्री के लिए नया कार्यालय
अंतरिम सरकार के नए प्रधानमंत्री का कार्यालय सिंह दरबार में निर्माणाधीन गृह मंत्रालय के भवन में बनाया जाएगा। नेपाल के मुख्य सचिव एकनारायण अर्याल के नेतृत्व में सचिवों की टोली ने विभिन्न भवनों का दौरा कर इस भवन का चयन किया। एक सचिव ने बताया, कई विकल्पों पर विचार किया गया लेकिन अधिकांश भवन आंदोलन के दौरान क्षतिग्रस्त कर दिए जाने के कारण गृह मंत्रालय के निर्माणाधीन भवन को ही प्रधानमंत्री कार्यालय के लिए सही पाया गया।



