काशी विश्वनाथ मंदिर पुजारियों को मिलेगा राज्य कर्मचारी का दर्जा, वेतन बढ़कर 90 हजार तक

  • Tuesday September 09 2025 - 01:39 AM
  •  

  • 40 साल बाद बनी सेवा नियमावली, वेतन
  • भत्तों के साथ पदोन्नति और अवकाश की सुविधा भी

वाराणसी। देश के सुप्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारियों को बड़ा तोहफ़ा मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने का फैसला किया है। इससे पुजारियों का वेतन बढ़कर तीन गुना तक हो जाएगा। अब उन्हें 80 से 90 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

40 साल बाद मिली मंजूरी

गुरुवार को काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की 108वीं बैठक में कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बताया कि अब तक पुजारियों को 30 हजार रुपये वेतन मिलता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह 80-90 हजार रुपये तक हो जाएगा। साथ ही उन्हें राज्य कर्मचारियों की तरह वेतन-भत्ते, पदोन्नति, अवकाश और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।

चार श्रेणियों में होगी नियुक्ति

सूत्रों के अनुसार, पुजारियों, कर्मचारियों और सेवादारों की नियुक्ति के लिए प्रस्तावित नियमावली में चार श्रेणियां तय की गई हैं। इन्हें राज्यकर्मियों की तरह ग्रेड और पे-मैट्रिक्स दिया जाएगा।

परिषद ने और भी लिए अहम फैसले

बैठक में करीब दो दर्जन प्रस्तावों पर मुहर लगी। इसमें विशालाक्षी कॉरिडोर के निर्माण, डिजिटल संग्रहालय की स्थापना और अन्य विकास कार्य शामिल हैं। परिषद की अध्यक्षता मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने की।

1983 में हुआ था अधिग्रहण

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रदेश सरकार ने 1983 में अधिग्रहण किया था। इसके बाद से सेवा नियमावली बनाने की कवायद कई बार हुई, लेकिन यह अटकी रही। आखिरकार 40 साल बाद नियमावली को हरी झंडी मिल गई है। संविधान के अनुच्छेद 201 के तहत 13 अक्तूबर 1983 को काशी विश्वनाथ टेंपल एक्ट लागू किया गया।