शरदोत्सव में होगा श्रीबाकेबिहारी चरणों से चन्द्रकिरणों का मिलन
- रासेश्वर स्वरुप में दर्शन देंगे भगवान श्रीबाँकेबिहारीजी महाराज
- श्रद्धापूर्वक मनेगा स्वामीहरिदासजी का 419 वाँ निकुंज प्रवेशोत्सव
- बिहारीजी मंदिर में शुरुआत के बाद सप्ताह भर तक चलेंगे शरदपर्व के आयोजन
वृन्दावन। श्रीबाँकेबिहारी मंदिर में 25 अक्टूबर रविवार को आयोजित शरदोत्सव में रात्रिकालीन दर्शनों के दौरान एक ख़ास वक़्त ऐसा आएगा जब प्रभुचरणों से चन्द्रकिरणों के मिलन का अद्भुत नजारा समक्ष होगा। इस अवसर पर जन जन के आराध्य भगवान श्रीबाँकेबिहारीजी महाराज मोर मुकुट कटि काछिनी कर मुरली उर माल के दिव्य श्रंगार से सजधज कर रासेश्वर श्रीकृष्ण स्वरुप में अलौकिक दर्शन प्रदान करते हुए असंख्य भक्तजनों को कृतार्थ करेंगे।
प्राचीन श्रीहरिदासपीठ मंदिर में उक्त जानकारी प्रदान करते हुए श्रीहरिदास पीठाधीश्वर इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी महाराज ने पर्व के संदर्भ में व्यापक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शरदोत्सवीय बेला में परम्परागत रुपेण आयोजित होने वाले संगीतशिरोमणि स्वामीहरिदास महाराज के सशरीर निकुंज प्रवेशोत्सव के 419 वें आयोजन को पूर्व की भाँति अत्यंत श्रद्धापूर्वक मनाया जायेगा। जिसके अंतर्गत श्रीबाँकेबिहारी मंदिर, श्रीहरिदासपीठ मंदिर सहित श्रीस्वामीहरिदास से संबंधित अनेक मठ, मंदिर व आश्रम आदि में विभिन्न प्रकार के धर्मिक - सांस्कृतिक समारोहों का आयोजन किया जायेगा।
श्रीहरिदासीय पीठाधीश्वर महाराज ने बताया कि भगवान श्रीबाँकेबिहारीजी महाराज के प्रादुर्भावक रसिकेश्वर श्रीस्वामीहरिदासजी ने वर्ष 1607 ई. में पांच अक्टूबर को शरदपूर्णिमा के दिन तत्कालीन रसिक संत समाज की उपस्थिति में निधिवनराज की सघन लता पताओं के मध्य अलोप होकर सशरीर निकुंज प्रवेश किया था। तभी से प्रत्येक वर्ष शरदपर्व पर स्वामीहरिदासजी का निकुंज प्रवेशोत्सव मनाया जाता है। इस बार हरिदासमहाराज का 419 वाँ निकुंज प्रवेशोत्सव मनाया जायेगा। इस मौके पर सेवाभावी संस्था श्रीहरिदासबिहारी फाउंडेशन भारत ट्रस्ट के तत्वावधान में श्रीहरिदासपीठ मंदिर में भावाँजलि गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
इतिहासकार के अनुसार शरदमहोत्सव के दिन ब्रज वसुन्धरा के प्रायः समस्त धार्मिक आस्था केन्द्रों में आयोजित होने वाले उत्सवों में आराध्य देवों का अनुपम स्वेतश्रृंगार, भव्यदर्शन, रासलीलाएं, भण्डारे, सरस संगोष्ठियां आदि के कार्यक्रम होगें। जगप्रसिद्ध श्रीबाँकेबिहारी मंदिर में विशेष प्रेरणाप्रद महोत्सव मनाया जाएगा। जिसमें मंदिर जगमोहन में विशालसुंदर रजतसिंहासन पर विराजित श्रीबाँकेबिहारीजी महाराज ब्रजरत्न मुकुट, मोर पंख, वंशी, कटिकाछिनी संग स्वेत पोशाकाभूषण धारण कर उपासकों को अनुपम दर्शन सुख प्रदत्त करेगें।
गोस्वामी के मुताबिक परम्परानुसार इस मध्य जब तक शशांक की शीतल कांतियुक्त किरणें प्रभुचरणों का स्पर्श व दर्शन नहीं कर लेंगी, तब तक शयनभोग नहीं धराया जाएगा। इसलिये बारम्बार मंदिर की विद्युत आपूर्ति बन्द करके प्रभुदर्शनों का प्रयास किया जाएगा। रात्रि में करीब 9 से 10 बजे के बीच जब चन्द्रकिरण एवं प्रभुचरण का मिलन हो जाएगा, तभी शयनभोग धराने के बाद शयनआरती होगी।
होंगे श्रंगार के विशेष दर्शन
इतिहासकार ने बताया कि शयनआरती होने के पश्चात् शरदोत्सव भाव प्रतिपादक विशेषता दर्शाते हुए श्रंगार के विशेष दर्शन होंगे। जिसमें ठाकुरजी का मुकुट श्रीजी के गद्दी स्थल पर तथा श्रीजी की चन्द्रिका श्रीबिहारीजी के गद्दी स्थान पर रखकर विशेष दर्शन कराये जाते हैं। ये अधिकार सिर्फ़ हरिदासीय रस के उपासकों को ही प्राप्त है।
भक्तों को मिलेगा खीर चंद्रकला का भोग
पर्व पर भगवान को धराए गए खीर तथा चन्द्रकला के विशेषभोग का वितरण भक्तों को किया जाएगा।
सप्ताह भर चलेगा शरद महोत्सव
इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी बताते हैं कि ब्रजवृन्दावन के हरित्रयी सम्प्रदायानुवर्ती मंदिरों में महारास उद्घाटक पर्व अर्थात शरद महोत्सव का आयोजन क्रमशः किया जाता है। जिसके चलते बिहारीजी मंदिर में चतुर्दशी तिथि को उत्सव की शुरुआत होने के बाद धामक्षेत्र में पंचमी तिथि तक अर्थात पूरे सप्ताह भर शरदोत्सव के उपलक्ष्य में विविध रसीले समारोह सम्पन्न होते हैं। यह आयोजनीय विलक्षणता हरित्रयी आचार्य नाम से सुविख्यात रसिकसंत श्रीस्वामीहरिदास, श्रीहितहरिवंश एवं श्रीहरिरामव्यास द्वारा अब से तकरीबन 480 वर्ष पूर्व आपसी स्नेह को प्रमाणित करते हुए लिए गए दिव्य संकल्प की वजह से अस्तित्वरत है। इस संकल्प के फलस्वरुप ब्रजधाम आने वाले रसिक भक्त यहाँ विराजित सभी आराध्यदेवों के क्रमशः होने वाले शरद उत्सव दर्शन का सुख उठाते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार पहले दिन 25 अक्तूबर चौदस को श्रीबाँकेबिहारीजी, 26 अक्टूबर पूर्णिमा को श्रीराधावल्लभजी, 27 अक्टूबर पड़वा को श्रीयुगलकिशोरजी तथा 28 अक्तूबर द्वितीया को पुनः श्रीराधावल्लभजी के मंदिर में शरदोत्सव के आयोजन होंगे। इनके उपरांत 30 अक्टूबर कार्तिक कृष्णा पंचमी तक अन्य मंदिर - मठ - आश्रमों में समारोह मनाए जाएंगे।



