Migratory Birds in Mathura: 30 साल तक जीने वाली नाब बिल्ड डक पहुंची जोधपुर झाल

  • Saturday May 31 2025 - 03:57 PM
  •  

  • 200 नकटा बतख की मौजूदगी यहां, 
  • सोलर पंप से पक्षियों के लिए बनाए गए 8 जलाशयों में आ रहा पानी
  • सारस क्रेन, पेंटेड स्टार्क, यूरेशियन स्पून-बिल, स्पॉट-बिल्ड डक, लिटिल ग्रीव जोधपुर झाल में कर रहे विचरण 

मथुरा। आगरा मार्ग स्थित मथुरा जनपद की सीमा पर विकसित जोधपुर झाल पर नाब-बिल्ड डक knob billed duck (नकटा या कंघी बतख ) ने डेरा डाले हुए हैं। सैकड़ो की संख्या में कंघी बतख ने पहली बार जोधपुर झाल को अपना ठिकाना बनाया है। अब इनके यहां प्रजनन करने की संभावना है।

जोधपुर झाल को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने फरह के निकट 64 हेक्टेयर में वन विभाग और विकास प्राधिकरण के सहयोग से तैयार किया है। करीब चार किलोमीटर में फैले जोधपुर झाल पर ईको-सिस्टम विकसित किया है। जिसमें सात वाटर बॉडी भी हैँ। वर्तमान में करीब 200 की संख्या में नर व मादा नाब-बिल्ड डक (नकटा या कंघी बतख ) जोधपुर झाल में डेरा डाले हुए हैं। वेटलैंड हेविटाट व भोजन की उपलब्धता के कारण इसकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

जैव विविधता का अध्ययन करने वाली संस्था बायोडायवर्सिटी रिसर्च एंड डवलपमेंट सोसाइटी के पक्षी विशेषज्ञ डॉ. केपी सिंह के अनुसार नॉब-बिल्ड डक का वैज्ञानिक नाम सरकिडियोर्निस मेलानोटोस है। इसे भारत में नकटा या कंघी बतख नाम से भी पुकारा जाता है।  

पक्षी विशेषज्ञ डॉ. केपी सिंह के अनुसार नर की चोंच के ऊपर पत्ती के आकार की कंघी होती है इस कारण इसका नाम नाब-बिल्ड रखा गया है। यह बड़े आकार के बतख हैं। इनकी पीठ के पंखो का रंग दालचीनी के किनारों के साथ एक धातु-बैंगनी, बैंगनी, कांस्य और हरे रंग का होता है। सिर का रंग दूधिया सफेद और गर्दन नारंगी-पीले रंग की होती है।मानसून पूर्व नाब-बिल्ड डक का प्रजनन प्रारम्भ हो जाता है। इनका प्रजनन जून से सितंबर तक होता है। 

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा ने बताया कि जोधपुर झाल पर बनाए जल निकायों व सोलर पंप से पानी की व्यवस्था के परिणाम स्वरूप भीषण गर्मी में सैकड़ो पक्षियों ने डेरा जमा रखा है। उन्हें प्राकृतिक रूप से जलीय जीव व वनस्पतिक भोजन उपलब्ध है। 

भारतीय उपमहाद्वीप के अलावा अफ्रीका में भी पाई जाती है नॉब− बिल्ड डक

नॉब-बिल्ड डक का वैज्ञानिक नाम सरकिडियोर्निस मेलानोटोस है। इसे भारत में हिन्दी नाम नकटा से भी पुकारा जाता है। यह प्रजाती अफ्रीका में काम्ब डक ( कंघी बतख) के नाम से जानी जाती है। नाब-बिल्ड डक को बतखों के परिवार एनाटिडे में वर्गीकृत किया गया है। यह उप- सहारा अफ्रीका, मेडागास्कर और भारतीय उपमहाद्वीप में उत्तरी भारत से लेकर लाओस और दक्षिणी चीन, वियतनाम, थाईलैंड और कंबोडिया में भी पाए जाते हैं। 

यह प्रजाति उष्णकटिबंधीय आर्द्रभूमि में पाई जाती है। सवाना में घास के तालाबों, झीलों, बड़ी नदियों, दलदलों, बाढ़ के मैदानों, नदी डेल्टा, बाढ़ वाले जंगल, खेती वाले खुले जंगलों में रहते है। यह प्रजाति लंबी दूरी तक प्रवास करती है। कभी-कभी 3,541 किमी से अधिक की यात्रा करती है। यह बत्तख भोजन के रूप में अकशेरूकीय जीवों, छोटी मछलियों, वनस्पति जिसमें घास और सेज के बीज, जलीय पौधे, कृषि अनाज और गेहूं शामिल हैं। वे जलीय कीट लार्वा और टिड्डियों का भी भोजन करते हैं ।