क्रिकेट की सबसे बड़ी संस्था ICC के साथ ₹20 करोड़ का ऑनलाइन फ्रॉड, मचा हड़कंप
नई दिल्ली। ऑनलाइन धोखाधड़ी की खबरें आए दिन आती रहती हैं। अकसर आम लोग साइबर अपराधियों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई गवां देते हैं। ऑनलाइन से कब और कैसे, कोई ठगा जाए, कहा नहीं जा सकता। अब तो बड़ी-बड़ी संस्थाएं भी साइबर फ्रॉड का शिकार हो रही हैं। ऑनलाइन ठगों ने अब क्रिकेट की वैश्विक संस्था, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को ही निशाना बना लिया है। अब इतनी बड़ी संस्था के साथ ठग ठगी भी मामूली करने से रहे। स्कैमर्स ने पूरे 20 करोड़ का चूना आईसीसी को लगाया है।
हालांकि, आईसीसी ने अभी तक उसके साथ हुई धोखाधड़ी पर कुछ भी नहीं कहा है, लेकिन, क्रिकेट जगत की जानकारियां देने वाली वेबसाइट क्रिकबज की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि आईसीसी ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। फिशिंग की इस घटना से आईसीसी में हड़कंप मचा हुआ है और हर कोई सकते में हैं।



