बांकेबिहारी की मंगला आरती वर्ष में इसलिए होती है एक बार
- रात्रि में निधिवन में रासलीला को जाते हैं बांकेबिहारी
- प्रथम प्रहर तक विश्राम करते हैं ठाकुर जी
- महाभिषेक के बाद मंदिर में होती है मंगला आरती
वृंदावन। ब्रज के मंदिरों में प्रतिदिन प्रात: मंगला आरती की जाती है, लेकिन बांकेबिहारी मंदिर में वर्ष में एक बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महाभिषेक के बाद मंगला आरती की परंपरा है। मान्यता है कि मंगला आरती के दर्शन करने से जीवन में खुशहाली आती है। ब्रज में किवदंती है कि जो करें मंगला कभी न हो कंगला। मंगला मुखी सदा सुखी। बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के प्रतिदिन न होने के पीछे भी गोस्वामी समाज के बीच एक बड़ी मान्यता है।
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि बांकेबिहारी की गोस्वामी समाज द्वारा बाल रूप में सेवा की जाती है। इसके साथ ही ठाकुरजी रात्रि में निधिवन में रासलीला करने जाते हैं। इसलिए सुबह उन्हें विश्राम की दिया जाता है। दिन के प्रथम प्रहर में भी बांकेबिहारी शयन करते हैं। सुबह देर से ठाकुरजी के जागने के कारण प्रतिदिन बांकेबिहारी मंदिर में अन्य मंदिरों की तरह मंगला आरती नहीं की जाती। इसलिए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात को महाभिषेक के बाद ठाकुरजी की मंगला आरती वर्ष में एक बार की जाती है। इस कारण भी बांकेबिहारी के दर्शनों का महत्व और बढ़ जाता है। मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी ने बताया कि दिन में आठ प्रहर होते हैं। इनमें से बाल रूप में ठाकुरजी जी सेवा के कारण ठाकुरजी सुबह देर समय तक विश्राम करते हैं, जबकि मंगला आरती प्रात: बेला में ही होती है। इसलिए बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती नहीं होती। कान्हा के जन्मोत्सव पर मंदिर में मध्य रात्रि को महाभिषेक के बाद ही मंगला आरती वर्ष में एक बार होती है। उन्होंने कहा कि मान्यता है कि मंगला आरती के दर्शन करने से संपन्नता आती है, जीवन खुशहाल हो जाता है।
मंदिरों में होने वाली चार आरतियों का महत्व
व़ृंदावन सहित ब्रज के मंदिरों में होने वाली चार प्रहर की आरतियों के दर्शनों का अलग-अलग महत्व है। इसलिए व़ृंदावन के कई संत एवं भक्तजन अपने आराध्य की चारों प्रहर की आरती के दर्शन करते हैं।
निंबार्क कोट के सेवायत वृंदावन बिहारी शर्मा ने बताया कि मंदिरों में प्रत्येक आरती दर्शन का अलग महत्व है। प्रात: होने वाली मंगला आरती के दर्शन से पूरा दिन मंगलमय गुरजता है, जबकि सुबह श्रृंगार आरती के दर्शन करने से प्रेम संबंध अच्छे होते हैं। राजभोग आरती के दर्शन से भोग यानी भोजन के आनंद की प्राप्ति होती है। इसी प्रकार संध्या आरती के दर्शन करने से भक्ति बढ़ती है और रात में शयन आरती के दर्शन करने से शुभ स्वप्न आते है।



