चीन में चर्चों पर सबसे बड़ी कार्रवाई
चीन में चर्चों पर सबसे बड़ी कार्रवाई: 30 से अधिक पादरी गिरफ्तार, अमेरिका भड़का "धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला!"
बीजिंग। चीन में धार्मिक स्वतंत्रता पर एक बार फिर से बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है। बीजिंग पुलिस ने देश के सबसे बड़े अंडरग्राउंड चर्च नेटवर्क में से एक पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक पादरियों को हिरासत में ले लिया है। चर्च के प्रवक्ता और परिजनों का कहना है कि यह कार्रवाई 2018 के बाद ईसाई समुदाय पर सबसे बड़ी सख्ती मानी जा रही है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब चीन और अमेरिका के बीच दुर्लभ खनिजों के निर्यात नियंत्रण को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिका ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की है।
प्रमुख गिरफ्तारी: ‘जायन चर्च’ के संस्थापक पादरी जिन मिंगरी
गिरफ्तार किए गए पादरियों में सबसे प्रमुख नाम जिन मिंगरी (Jin Mingri) का है, जो ‘Zion Church’ नामक एक स्वतंत्र हाउस चर्च के संस्थापक हैं। यह चर्च सरकारी पंजीकरण से बाहर काम करता है, जिसके कारण इसे चीन में “गैरकानूनी धार्मिक संगठन” माना जाता है। जिन मिंगरी को दक्षिणी शहर बेईहाई (Beihai) से शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया गया। उनकी बेटी ग्रेस जिन और चर्च प्रवक्ता शॉन लॉन्ग ने बताया कि यह गिरफ्तारी इस साल की नई “धार्मिक दमन लहर” का हिस्सा है।
पूछताछ और छापेमारी का सिलसिला जारी
शॉन लॉन्ग के अनुसार, हाल के महीनों में पुलिस ने 150 से अधिक श्रद्धालुओं से पूछताछ की है और रविवार की प्रार्थना सभाओं में भी बाधा डाली है। अब तक 30 पादरी और चर्च के सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें से 5 को रिहा कर दिया गया है, लेकिन 20 से अधिक लोग अब भी जेल में हैं। पुलिस और गृह मंत्रालय ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
क्या हैं आरोप
56 वर्षीय जिन मिंगरी पर सूचना नेटवर्क के अवैध उपयोग का आरोप लगाया गया है. यह अपराध चीन के साइबर कानून के तहत आता है और अधिकतम सात साल की सजा हो सकती है. माना जा रहा है कि चर्च गतिविधियों और धार्मिक उपदेशों को ऑनलाइन साझा करने को लेकर यह कार्रवाई की गई है. अधिकारी उन्हें इंटरनेट के जरिए धार्मिक प्रचार करने का दोषी मान रहे हैं.
परिवार की चिंता
जिन की बेटी ग्रेस ने कहा, पापा को डायबिटीज है और उन्हें नियमित दवा की जरूरत होती है. हमें चिंता है कि उन्हें इलाज और वकीलों से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही. परिवार और चर्च के समर्थकों को डर है कि यह मामला लंबी कानूनी लड़ाई में बदल सकता है, क्योंकि वकीलों को भी अब तक मुलाकात की इजाजत नहीं मिली है.
क्यों चीन एक्शन में
चीन में सभी धार्मिक संस्थानों को सरकारी पंजीकरण के तहत चलना होता है. जो चर्च या संगठन सरकारी निगरानी से बाहर काम करते हैं, उन्हें अवैध माना जाता है. विशेष रूप से हाउस चर्च (House Churches) यानी घरों में चलने वाले स्वतंत्र ईसाई समुदायों को लेकर सरकार काफी सख्त रुख रखती है. 2018 में भी बीजिंग के Zion Church पर पुलिस ने छापा मारा था, और उसके बाद से कई बार चर्च से जुड़े पादरियों को निगरानी और दबाव का सामना करना पड़ा है.



