आर्थिक संकट के चलते अपनी चमक खो रहा है प्रिंट मीडिया
नई दिल्ली। प्रिंट मीडिया आजकल दोहरे संकट से दो-चार हो रहा है। एक तरफ वह जहां आर्थिक संकट से जूझकर अपनी चमक खो रहा है तो वहीं दूसरी ओर उसे प्रिंट मीडिया में टेलेंट की कमी का सामना भी करना पड़ रहा है क्योंकि आर्थिक तंगी के चलते प्रिंट मीडिया नए टेलेंटेड युवाओं को बेहतर पैकेज देने की स्थिति में नहीं है ऐसे में अच्छे युवा प्रिंट मीडिया में आने से कतराने लगे हैं। जिसके कारण कईं अखबार खुद को प्रतिस्पर्धा में कमजोर महसूस करने लगे हैं।
आर्थिक संकट और टेलेंट की कमी की इस दोहरी मार से परेशान कईं अखबार मालिकों को प्रिंट मीडिया के अस्तित्व पर खतरा मंडराता हुआ महसूस हो रहा है। इनमें ज्यादातर लघु एवं मध्यम स्तर के अखबार मालिक हैं। इनका कहना है कि 90 फीसदी अखबार मालिकों के इस आर्थिक संकट को सरकार नजरंदाज कर रही है जबकि सरकार को प्रिंट मीडिया के महत्व को समझते हुए तुरंत मदद के लिए आगे आना चाहिए था।
प्रिंट मीडिया से जुड़े विभिन्न संगठनों ने न्यूजपेपर इंडस्ट्री की माली हालत को बयान करते हुए एक बार फिर सरकार से एक राहत या प्रोत्साहन पैकेज देने की गुहार लगाते हुए कहा कि सरकार तुरंत मदद के लिए आगे आए ताकि इससे जुड़े तीस लाख लोगों की आजीविका बच सके।



