अभिनेत्री ऋचा चड्ढा के सेना का मजाक उड़ाने पर बवाल, भड़के अक्षय कुमार
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने भारतीय सेना पर एक ऐसा ट्वीट कर दिया है जिसने उन्हें परेशानी में डाल दिया है। हालांकि सेाशल मीडिया पर बवाल खड़ा होता देख बाद में इस ट्वीट के लिए उन्होंने सॉरी भी कह दिया है। दरअसल ऋचा चड्ढा ने भारतीय सेना के उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के एक बयान पर ट्वीट कर कथित कर पर सेना का मजाक उड़ाया है।
अभिनेत्री के ट्वीट पर उनकी आलोचना हो रही है। ऐसे में ऋचा ने पूरे मामले को बढ़ता देख इस मामले को लेकर माफी मांगी है, लेकिन लगता है कि उन्हें इसके लिए लंबी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। सुप्रीम कोर्ट के बकील विनीत जिंदल ने अभिनेत्री के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं बीजेपी नेताओं से लेकर कई यूजर्स एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा को ट्रोल भी कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है।
अक्षय कुमार ने ऋचा के उस ट्वीट पर नाराजगी दिखाई है और लिखा है, ‘यह देखकर दुख हुआ। हमें कोई भी चीज हमारी भारतीय सेना के प्रति अकृतज्ञ (एहसान फरामोश) नहीं बना सकता. वो है तो आज हम हैं।’ दरअसल हुआ ये कि सेना के नॉर्दर्न कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने हाल ही में कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस पर ऋचा चड्ढा ने इसे रिट्वीट करते हुए कहा लिखा ‘Galwan Says Hi’ ये पोस्ट देखते ही तूफान खड़ा हो गया और लोगों ने ऋचा को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है। ऋचा चड्ढा ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किए गए पोस्ट में लिखा है, ‘मेरी मंशा कभी भी किसी को भी अपमानित करने की नहीं रही।
मुझे मेरे कहे तीन शब्दों के कारण विवाद में घसीटा गया. जाने-अनजाने मेरे द्वारा कहे गए शब्दों से अगर मेरे फौजी भाइयों की भावनाएं आहत हुई हों या ठेस पहुंची हो तो मैं माफी मांगती हूं। साथ ही मैं यह भी कहना चाहती हूं कि फौज में मेरा नानाजी भी रहे। मेरे मामाजी पैराट्रूपर थे’।
फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने भी ऋचा चड्ढा पर निशाना साधा है, उन्होंने एक्ट्रेस के इस कमेंट को बॉलीवुड में बायकॉट ट्रेंड से जोड़ा है। विवेक ने ऋचा चड्ढा के वायरल ट्वीट के स्क्रीनशॉट को रिट्वीट करते हुए लिखा, ‘इस व्यवहार को देखकर मैं बिल्कुल भी हैरान नहीं हुआ हूं. वो सच में एंटी-इंडिया फील करते हैं। दिल की बात जुबान पर आ ही जाती है और फिर ये पूछते हैं कि लोग बॉलीवुड को बायकॉट क्यों करना चाहते हैं।’



