कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को गार्ड ऑफ ऑनर
कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर भड़के नगीना सांसद चंद्रशेखर, DGP ने मांगा SP से जवाब
मथुरा। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे संविधान की मूल भावना के विरुद्ध बताया है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से इस पर जवाब मांगा है। इस पर डीजीपी ने एसएसपी से जवाब तलब किया है।
नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया। यह वीडियो करीब एक माह पुराना बताया जा रहा है और बहराइच का बताया जा रहा है, जिसमें कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है। वीडियो के वायरल होते ही यह मामला चर्चा में आ गया।
चंद्रशेखर आज़ाद ने अपने बयान में कहा कि भारत कोई धार्मिक मठ नहीं, बल्कि एक संवैधानिक गणराज्य है, जहां शासन व्यवस्था संविधान के अनुरूप चलती है, न कि किसी धार्मिक आस्था या पहचान के आधार पर। उन्होंने कहा कि गार्ड ऑफ ऑनर जैसे सम्मान देश की संप्रभुता, संविधान और प्रशासनिक मर्यादाओं का प्रतीक होते हैं, जो आमतौर पर संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों, शहीदों या राष्ट्र के लिए विशिष्ट सेवा देने वालों को प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी कथावाचक या धर्मगुरु को यह सम्मान किस नियम, कानून या प्रोटोकॉल के तहत दिया गया। सांसद ने यह भी पूछा कि क्या अब उत्तर प्रदेश में धार्मिक पहचान सरकारी सम्मान का मापदंड बनती जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की घटनाएं संविधान द्वारा स्थापित धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था को कमजोर करती हैं।
नगीना सांसद ने राज्य सरकार से मांग की कि वह इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करे और बताए कि पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देने का आधार क्या था। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह के सम्मान मनमाने ढंग से दिए जाएंगे, तो यह संवैधानिक मूल्यों और प्रशासनिक अनुशासन दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है। लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा कथावाचक को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का निर्णय किस स्तर पर और किन नियमों के तहत लिया गया। मामला तूल पकड़ता देख डीजीपी ने इस मामले को निर्धारित मानकों के उल्लंघन मानते हुए एसपी से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। अब देखना होगा कि इस मामले में एसपी द्वारा जवाब दिया जाएगा या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।



