ठाकुर राधावल्लभ ने रजाई छोड़ दुशाला व टोपा धारण कर दिए दर्शन
ठाकुर राधावल्लभ ने रजाई छोड़ दुशाला व टोपा धारण कर दिए दर्शन
- खिचड़ी के स्थान पर लगाया गया विभिन्न प्रकार का मोहन भोग
- विशेष झांकी दर्शन के लिए बड़ी संख्या में उमड़े भक्त
वृंदावन। ठाकुर श्री राधावल्लभ मंदिर में खिचड़ी महोत्सव संपन्न होने एवं शीत ऋतु का प्रभाव कम होने के साथ ही ठाकुरजी ने रजाई ओढ़ना छोड़ दिया है। आराध्य ने शीतकालीन व्यवस्था में परिवर्तन करते हुए विभिन्न प्रकार के टोपा एवं दुशाला धारण कर भक्तों को दिव्य दर्शन प्रदान किए। इस अवसर पर मंदिर के सेवायत गोस्वामियों द्वारा खिचड़ी के स्थान पर मंगला आरती के उपरांत ठाकुरजी को विशेष मोहन भोग अर्पित किया गया। आराध्य की इस अनुपम झांकी के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
मंगलवार को ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में मंगला आरती से पूर्व ही समाजियों द्वारा पारंपरिक शैली में पदों का गायन किया गया। इस दौरान मंदिर में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त हो गया। मंगला आरती के समय ठाकुरजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही आराध्य के गर्भगृह के पट खुले और मंगला आरती प्रारंभ हुई, भक्तजन ठाकुरजी की एक झलक पाने को अत्यंत आतुर दिखाई दिए। मंदिर परिसर “राधावल्लभ श्री हरिवंश” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
मंगला आरती के पश्चात ठाकुरजी ने विभिन्न प्रकार की दुशाला एवं आकर्षक टोपा धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। इस दौरान मंदिर के सेवायत आचार्य मोहित मराल गोस्वामी द्वारा ठाकुरजी को मोहन भोग के रूप में कई प्रकार के हलुआ सेवित किए गए। भोग अर्पण के उपरांत मंदिर की रसोई में तैयार किया गया ठाकुरजी का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
मंदिर के सेवायत आचार्य मोहित मराल गोस्वामी ने बताया कि लगभग एक माह तक पंचमेवा की खिचड़ी का भोग एवं छद्म दर्शन की परंपरा के बाद खिचड़ी महोत्सव का समापन हो गया है। इसके उपरांत ठाकुरजी दुशाला और टोपा धारण कर भक्तों को दर्शन देते हैं तथा मोहन भोग के रूप में विभिन्न प्रकार के हलुआ सेवित किए जाते हैं।



