दोनों बेटे अभिनेता सनी देओल एवं बॉबी देओल के साथ अभिनेता धर्मेद्र। फोटोः सोशल मीडिया
धर्मेंद्र की सेहत पर फैली अफवाहों के बीच सनी के बाद करण जौहर, अमीषा ने जताई नाराजगी, मीडिया को बताया ‘डिसरिस्पेक्टफुल सर्कस’
मुंबई। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अफवाहों का दौर जारी है। इस बीच, अभिनेता सनी देओल के गुस्सा जाहिर करने के बाद अब फिल्म निर्माता करण जौहर और अभिनेत्री अमीषा पटेल ने भी मीडिया और पपराज़ी के व्यवहार पर नाराजगी जताई है। दोनों ने धर्मेंद्र और उनके परिवार की प्राइवेसी में दखल देने पर मीडिया को आड़े हाथों लिया और सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी।
करण जौहर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक नोट शेयर करते हुए लिखा “जब हमारी संवेदनशीलता और बुनियादी शालीनता दिलों से निकल जाती है, तब हम एक बर्बाद होती इंसानियत का हिस्सा बन जाते हैं। कृपया एक परिवार को अकेला छोड़ दें! वे पहले ही भावनात्मक रूप से बहुत कुछ झेल रहे हैं। एक ऐसी मीडिया और पपराज़ी सर्कस देखना दिल तोड़ने वाला है, जो एक लिविंग लीजेंड के लिए सम्मान की बजाय अपमान दिखा रहा है। यह कवरेज नहीं, ‘डिसरिस्पेक्ट’ (असम्मान) है।”
वहीं, अभिनेत्री अमीषा पटेल ने भी मीडिया से अपील करते हुए कहा कि ऐसे समय में परिवार की प्राइवेसी का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा “मुझे लगता है कि मीडिया को इस समय देओल परिवार को अकेला छोड़ देना चाहिए और उनकी प्राइवेसी का आदर करना चाहिए।”
इससे पहले दिन में, धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल ने भी घर के बाहर मौजूद पपराज़ी पर नाराजगी जताई थी। कैमरे के सामने folded hands के साथ उन्होंने कहा “आप लोगों को शर्म आनी चाहिए… आपके घर में भी मां-बाप और बच्चे हैं… फिर भी ऐसे वीडियो बनाते हैं? शर्म नहीं आती?” उनका यह रिएक्शन उस समय आया जब कई मीडिया पोर्टल्स ने धर्मेंद्र की सेहत को लेकर गलत खबरें प्रसारित कर दीं।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 89 वर्षीय अभिनेता को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सनी देओल की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि धर्मेंद्र का इलाज अब घर पर जारी रहेगा और सभी से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की गई है।
धर्मेंद्र के फैंस ने सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वर्क फ्रंट की बात करें तो धर्मेंद्र आखिरी बार करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए थे। अब वह श्रीराम राघवन की आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ में दिखाई देंगे, जो दिसंबर में रिलीज होगी।



