यूपी में विधानसभा का चुनाव लड़ने वाला शख्स निकला महाठग, पुलिस ने किया हैरान कर देने वाला खुलासा
कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर में पुलिस ने ठगी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक कुशीनगर जिले के खड्डा से निर्दलीय के तौर पर एक बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है। पुलिस का कहना है कि विधायक बनने के लिए आरोपी लोगों से ठगी करने लगा ताकि पैसे जुटाए जा सकें। विधानसभा चुनाव लड़ने वाला आरोपी विजय कुशवाहा कुशीनगर जिले के दिवलिया मनिया छपरा थाना रामकोला का रहने वाला है। इस पर 25 हज़ार रुपये का इनाम भी था। पकड़े गए तीनों आरोपियों के पास से पुलिस ने ठगी के एक लाख 32 सौ रुपये व अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
कुशीनगर के एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। एक अन्य आरोपी तनवीर आलम उर्फ अमन कुशीनगर जिले के ही तमकुहीराज गुदरी टोला का रहने वाला है। इसके पास से अपराध में उपयोग होने वाले दो लैपटॉप, एक मोटरसाइकिल, 16 एटीएम कार्ड, 13 आधार कार्ड, छह सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, एक तमंचा व चार कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ठग गिरोह के ये सदस्य लोगों को लालच देकर फर्जी सिमकार्ड से खाता लिंक करा कर ठगी करते थे। खास कर ठगी महिलाओं और भोले भाले लोगों को लालच देकर निशाना बनाया जाता था। ठगी करने से पहले कंपनियों से फर्जी मोबाइल नंबर लेकर यूपीआई बनाते थे। फिर इंस्टेंट लोनिंग का पैसा खाते में ट्रांसफर कर उसे निकासी कर लेते थे।
पुलिस ने जांच में पाया कि यह भी पता चला कि पकड़े गए तीनों आरोपी पहले भी गिरफ्तार होकर जेल की हवा खा चुके है। जब जेल से बाहर आये तो ठगी का तरीका बदल दिए। ये इतने शातिर थे कि भोले भाले लोगों को फुसलाकर पहले फर्जी सिमकार्ड से उनके खाते को लिंक कराते थे और फिर मोबाइल में इसका कंट्रोल लेकर साइबर हैकरों को बेच देते थे। ठगी करने वाले ये अपराधी खातों के एटीएम व पासबुक अपने पास ही रखते थे। इसके बदले साइबर हैकर्स से भारी धन प्राप्त होता थाा।



